Dainik Savera Times

Donald Trump के करीबी Charlie Kirk की गोली मारकर हत्या, शोक में 4 दिन अमेरिकी झंडा झुकाया

Donald Trump US : अमेरिका में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी और मशहूर कंज़र्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। आपको बता दें कि घटना उस समय हुई जब वह यूटा वैली यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे। इस दौरान एक हमलावर ने उन पर फायरिंग की और गोली सीधे उनकी गर्दन में लगी। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ट्रंप ने जताया गहरा शोक, झंडा झुकाने का आदेश

इस घटना से आहत राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि “महान और सबसे प्रिय चार्ली किर्क अब हमारे बीच नहीं रहे। अमेरिका के युवाओं को उनसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता था। मैं और मेलानिया उनकी पत्नी एरिका और परिवार के साथ खड़े हैं। चार्ली, हम तुमसे प्यार करते हैं!” ट्रंप ने आगे घोषणा की कि पूरे अमेरिका में राष्ट्रीय ध्वज को रविवार शाम 6 बजे तक आधा झुकाया जाएगा, ताकि चार्ली किर्क को श्रद्धांजलि दी जा सके।

व्हाइट हाउस और मीडिया की पुष्टि

व्हाइट हाउस ने भी इस आदेश की पुष्टि करते हुए कहा कि चार्ली किर्क को सम्मान देने के लिए सभी सरकारी संस्थानों में झंडे झुके रहेंगे। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोलीबारी उस समय हुई जब किर्क एक छात्र द्वारा पूछे गए “सामूहिक गोलीबारी” से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे।

जांच जारी, संदिग्धों से पूछताछ

बता दें कि अभी तक हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, दो संदिग्धों को हिरासत में लेने के बाद बिना सबूत के रिहा कर दिया गया। एफबीआई निदेशक ने बताया कि जांच जारी है और सभी संभावित सुराग खंगाले जा रहे हैं।

कौन थे चार्ली किर्क?

सिर्फ 31 साल की उम्र में चार्ली किर्क ने अमेरिकी राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी। वे दक्षिणपंथी युवा संगठन टर्निंग पॉइंट यूएसए के संस्थापक थे और राष्ट्रपति ट्रंप के बेहद करीबी माने जाते थे। युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता बेहद अधिक थी और अक्सर उन्हें “कंजरवेटिव आंदोलन का चेहरा” कहा जाता था। यूटा के गवर्नर ने इस हमले को “राजनीतिक हत्या” करार दिया और इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। फिलहाल, चार्ली किर्क की हत्या ने पूरे अमेरिका को हिला दिया है और देशभर में शोक की लहर है।

Exit mobile version