Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तानी जासूस निकला DRDO का गेस्ट हाउस मैनेजर, कुछ यूं चढ़ा राजस्थान CID के हत्थे

जैसलमेर: देश के अहम रक्षा संस्थान डीआरडीओ में गेस्ट हाउस मैनेजर के रूप में कार्यरत महेंद्र प्रसाद को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आपको बता दें कि महेंद्र प्रसाद संविदा पर चंदन फील्ड फायरिंग रेंज, जैसलमेर के पास डीआरडीओ गेस्ट हाउस में तैनात था। वही गिरफ्तारी राजस्थान सीआईडी इंटेलिजेंस ने की है।

गोपनीय जानकारी पाकिस्तान को भेजने का आरोप

मिली जानकारी के मुताबिक, महेंद्र प्रसाद पर आरोप है कि उसने मिसाइल और अन्य हथियारों के परीक्षण के लिए फायरिंग रेंज में आने वाले डीआरडीओ वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के अधिकारियों की आवाजाही से जुड़ी रणनीतिक व गोपनीय जानकारी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजी।

15 अगस्त से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

सीआईडी (सुरक्षा) के आईजी डॉ. विष्णुकांत ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले राज्यभर में विदेशी एजेंटों की संभावित राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान महेंद्र प्रसाद की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं।

मोबाइल की तकनीकी जांच में खुलासा

गिरफ्तारी से पहले विभिन्न खुफिया एजेंसियों ने जयपुर में आरोपी से संयुक्त रूप से पूछताछ की और उसके मोबाइल की तकनीकी जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि वह लगातार पाकिस्तान को संवेदनशील रक्षा संबंधी जानकारियां भेज रहा था। दरसअल इस निगरानी के दौरान पता चला कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा के पलून निवासी महेंद्र प्रसाद, जो जैसलमेर स्थित डीआरडीओ गेस्ट हाउस चंदन फील्ड फायरिंग रेंज में बतौर कॉन्ट्रैक्ट मैनेजर काम करता था, सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में था और मिसाइलों व अन्य हथियारों के परीक्षण के लिए फायरिंग रेंज में आने वाले डीआरडीओ के वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के अधिकारियों की गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ साझा करता था।

सरकारी गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के पल्युन गांव निवासी, 32 वर्षीय महेंद्र प्रसाद के खिलाफ 12 अगस्त को शासकीय गोपनीयता अधिनियम, 1923 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सीआईडी इंटेलिजेंस, राजस्थान ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version