Site icon Dainik Savera Times

Dubai Crown Prince Visit India : भारत पहुंचे दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान, गार्ड ऑफ ऑनर से किया गया सम्मानित

Dubai Crown Prince Visit India ; नेशनल डेस्क : दुबई के क्राउन प्रिंस और UAE के उप प्रधान मंत्री एवं रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन रसीद अल मकतूम पालम हवाई अड्डे पर भारत पहुंच चुके है। जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बता दें कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत आए हैं। शेख हमदान की यह पहली आधिकारिक यात्रा भारत के लिए है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

यात्रा में उनके साथ महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल

आपको बता दें कि शेख हमदान के साथ इस यात्रा में मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, और एक उच्च स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। उनके स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  शेख हमदान के लिए एक लंच की मेज़बानी करेंगे।

महत्वपूर्ण बैठकें और व्यापारिक सहयोग

इसके साथ ही क्राउन प्रिंस भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में भारत-यूएई के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसके बाद, शेख हमदान दिल्ली से मुंबई जाएंगे, जहां वह दोनों देशों के प्रमुख व्यापारिक नेताओं के साथ बिजनेस राउंड टेबल में हिस्सा लेंगे। इस बातचीत से भारत-यूएई के आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों को और गहरा किया जाएगा, खासकर पारंपरिक और भविष्य के क्षेत्रों में।

भारत-यूएई संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कदम

विदेश मंत्रालय के जरिए जारी एक बयान में कहा गया है कि पारंपरिक रूप से दुबई ने भारत और यूएई के बीच वाणिज्यिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आदान-प्रदान में अहम भूमिका निभाई है। यूएई में भारत के लगभग 43 लाख प्रवासी रहते हैं, जिनमें से ज्यादातर दुबई में काम करते हैं। क्राउन प्रिंस शेख हमदान की यह यात्रा भारत-यूएई की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी, साथ ही दुबई के साथ भारत के बहुआयामी संबंधों को और गहरा करेगी। यह यात्रा दोनों देशों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है, जिससे द्विपक्षीय संबंधों में और भी मजबूती आएगी।

Exit mobile version