Site icon Dainik Savera Times

पूरे देश में दशहरे की धूम… यहां जलाया जाएगा सबसे बड़ा रावण का पुतला

लुधियाना : पंजाब के लुधियाना के दरेसी मैदान में आज 125 फीट ऊंचा रावण का पुतला जलाया जाएगा। शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग मेलों में 900 से ज्यादा पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पंजाब के सबसे ऊंचे रावण को बनाने में करीब 2 लाख रुपए का खर्च आया है।दरेसी मेले को लेकर शहरवासी काफी उत्साहित हैं।

इस बार रावण को अनोखा लुक देने के लिए उसे राजा की जैकेट पहनाई जाएगी और उसके हाथ में 15 फीट लंबी तलवार होगी। जैकेट को कंप्यूटराइज्ड डिजाइन से बनाया गया है। आग जलाने के बाद रावण के पुतले से अलग-अलग रंग-बिरंगी लाइटें निकलेंगी।

आगरा के कारीगर अकील ने बताया कि वे वर्ष 2004 से रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले बना रहे हैं। पंजाब का सबसे ऊंचा यह पुतला पिछले काफी समय से दरेसी मैदान में तैयार किया जा रहा है। पिछले साल लुधियाना में ही 120 फीट ऊंचा रावण बनाया गया था, लेकिन इस बार इसकी ऊंचाई और बढ़ा दी गई है और 125 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया है। सबसे ऊंचा पुतला बनाने में करीब 2 लाख रुपए की लागत आई है। शाम को बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में पुतलों को आग के हवाले कर दिया जाएगा। पुतलों को पटाखों से भर दिया गया है और बाद में आतिशबाजी की जाएगी, जिसे देखकर दर्शक खुशी से झूम उठेंगे।

Exit mobile version