Dainik Savera Times

भूकंप ने मचाई भारी तबाही…ISRO ने जारी की म्यांमार में भूकंप की सेटेलाइट तस्वीरें

ISRO Satellite Images Reveal : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 28 मार्च को म्यांमार में आए भूकंप से हुए नुकसान की अपने कार्टोसैट-3 द्वारा ली गई तस्वीरें जारी की हैं। इसरो ने कहा कि उसे 29 मार्च को म्यांमार के मांडले और सागाइंग शहरों के ऊपर कार्टोसैट-3 द्वारा ली गई तस्वीरें प्राप्त हुई हैं।

अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि इसके अलावा, 18 मार्च को उसी क्षेत्र को कवर करने वाले कार्टोसैट-3 से प्राप्त आपदा-पूर्व डेटा को खोज और क्षति आकलन के लिए भेज दिया गया है। कार्टोसैट-3 उपग्रह एक कुशल उन्नत तीसरी पीढ़ी का उपग्रह है जो उच्च-रिज़ॉल्यूशन कैमरे से सुसज्जित है, जो बेहतर चित्र लेने में सक्षम है।

इसरो ने म्यांमा में भूकंप से हुए नुकसान की तस्वीरें जारी कीं 

इसरो ने एक बयान में कहा, “तस्वीरों से पता चलता है कि मांडले शहर में बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है, ‘स्काई विला’, फयानी पैगोडा (मंदिर), महामुनि पैगोडा और आनंद पैगोडा, मांडले विश्वविद्यालय और कई अन्य प्रमुख स्थान पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सागाइंग शहर में, मा शि खाना पैगोडा के साथ-साथ कई मठ और अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।” इसरो के अनुसार, चित्रों से पता चलता है कि भूकंप के कारण इनवा शहर के पास इरावदी नदी पर बना ऐतिहासिक अवा (इनवा) पुल पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इरावदी नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में दरारें, भूस्खलन और अन्य ऐसी घटनाएं भी देखी गईं।

28 मार्च को म्यांमार में 7.7 तीव्रता का आया भूकंप 

अंतरिक्ष एजेंसी ने बयान में बताया कि 28 मार्च को म्यांमार में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके बाद 6.4 तीव्रता के शक्तिशाली झटके आए थे। भूकंप का केंद्र सागाइंग-मांडले सीमा के पास जमीन में 10 किलोमीटर की गहराई पर था।

भूकंप ने मचाई भारी तबाही…सड़कों और आवासीय भवनों को पहुंचा नुकसान 

इसरो ने कहा कि भूकंप का केंद्र म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले के निकट था, जहां भारी क्षति की खबर है। भूकंप ने राजधानी नेपीता और अन्य क्षेत्रों को भी हिला दिया, जिससे बुनियादी ढांचे, सड़कों और आवासीय भवनों को व्यापक नुकसान पहुंचा।

इसरो ने कहा, “भूकंप के झटके न केवल म्यांमार में बल्कि पड़ोसी देशों में भी महसूस किए गए। झटके इतने शक्तिशाली थे कि उन्हें चियांग माई और थाईलैंड के उत्तरी हिस्सों तक महसूस किया गया, जहां निवासियों ने नुकसान की सूचना दी।”

Exit mobile version