Earthquake : मंगलवार को पूर्वी भूमध्यसागर क्षेत्र में एक शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गई। यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के अनुसार, यह भूकंप ग्रीस के डोडेकेनीज़ द्वीप क्षेत्र में तुर्किये की सीमा के पास आया और इसकी गहराई 68 किलोमीटर (42 मील) थी।
ग्रीस में 6.2 तीव्रता का तेज भूकंप… तुर्किये तक लगे झटके
इस भूकंप के झटके ग्रीक द्वीप रोड्स और आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए। इसके साथ ही, तुर्किये के भूमध्यसागर तटवर्ती शहर मारमारिस में भी मंगलवार तड़के 5.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।
घरों से निकलकर भागे लोग, अफरातफरी में सात लोग घायल
तुर्किये की आपदा प्रबंधन एजेंसी (AFAD) ने पुष्टि की है कि मारमारिस में आए भूकंप के दौरान लोग घरों से बाहर भागने लगे, इसी दौरान हुई अफरातफरी में सात लोग घायल हो गए। मारमारिस के गवर्नर इदरीस अकबीयिक ने बताया कि कुछ लोग खिड़कियों और बालकनियों से कूदने की कोशिश में घायल हो गए।
इस इलाकों में भी महसूस हुए भूकंप के झटके
भूकंप का समय स्थानीय समयानुसार सुबह 2:17 बजे रहा और इसके झटके तुर्किये के एजियन और भूमध्यसागरीय तटीय इलाकों के साथ-साथ मिस्र, सीरिया, लेबनान और कई ग्रीक द्वीपों में भी हल्के रूप से महसूस किए गए। हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान या जानमाल की हानि की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन द्वारा नागरिकों के लिए सतर्कता बरतने और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। गौरतलब है कि तुर्किये भूकंप संभावित ज़ोन में स्थित है, जहां अक्सर भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं। वर्ष 2023 में आए विनाशकारी 7.8 तीव्रता के भूकंप ने दक्षिणी तुर्की और उत्तरी सीरिया को बुरी तरह प्रभावित किया था, जिसमें 59,000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी और हजारों इमारतें ध्वस्त हो गई थीं।

