Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

10 साल में ED ने 2200 करोड़ रुपए किए जब्त, चोरों की उड़ गई है नींद : PM Modi

May 13, 2024

10 साल में ED ने 2200 करोड़ रुपए किए जब्त, चोरों की उड़ गई है नींद : PM Modi

हाजीपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर हैं। हाजीपुर में एक जनसभा में उन्होंने विपक्ष पर जमकर सियासी हमला बोला। उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में 10 वर्षों में जहां ईडी ने 35 लाख रुपए जब्त किए थे, वहीं एनडीए के 10 साल में 2200 करोड़ रुपए जब्त किए गए हैं। यही कारण है कि चोरों की नींद उड़ गई है। हाजीपुर में लोजपा (रा) के प्रत्याशी चिराग पासवान के समर्थन में आयोजित रैली में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस काल में जो रुपए जब्त किए गए उसे एक स्कूली बैग में ले जाया जा सकता है, जबकि एनडीए के शासनकाल में जो रुपए जब्त किए गए हैं, उसे ले जाने में 70 ट्रक लगेंगे।

पीएम मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राम विलास पासवान की चर्चा करते हुए कहा कि यह पहला चुनाव है जब वे उनकी अनुपस्थिति में लड़ रहे हैं। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि महिलाओं और ओबीसी का आरक्षण कोई नहीं छीन सकता, जिसने भी ऐसा करने की कोशिश की, उसे लेने का देने पड़ जाएंगे। उन्होंने लालू प्रसाद यादव के नाम लिए बिना कहा कि जो चारा घोटाले में सजा काटकर आए, वे कह रहे हैं कि मुस्लिमों को पूरा आरक्षण मिलना चाहिए। मोदी जब तक जिंदा है। एससी, एसटी और ओबीसी का हक कोई नहीं मार सकता। धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि वह वक्त चला गया जब महिला आरक्षण के बिल फाड़ दिए गए थे। एनडीए सामाजिक न्याय की पहरेदार है।

उन्होंने कहा कि नया संसद भवन बनते ही पहला काम महिला आरक्षण पर किया। पीएम मोदी ने कहा, कि राजद और कांग्रेस ने तुष्टीकरण को अपना हथियार बनाया है। इंडी गठबंधन का हर दल राम मंदिर को गाली देकर ये लोग दूसरे को रिझा रहे हैं। ऐसे लोगों को माफ नहीं कर सकते। राजद और कांग्रेस की प्राथमिकता आप लोग नहीं, बल्कि उनका अपना वोट बैंक ही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद काल में सिर्फ अपहरण, फिरौती उद्योग ही फल-फूल रहा था। कांग्रेस और इन लोगों ने बिहार को सिर्फ पलायन और तबाही दी। लालटेन वालों ने बिहार में अंधेरगर्दी फैलाई।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने चिराग पासवान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैं यहां चिराग के लिए वोट मांगने नहीं आया हूं। वो तो जीतने ही वाला है। रामविलास पासवान जी को जितने वोट मिले थे, उससे ज्यादा वोट चाहिए। उनसे ज्यादा वोट मिलेंगे तभी रामविलास जी की आत्मा को शांति मिलेगी। चिराग मुझे इसलिए पसंद है क्योंकि उनके व्यवहार में रामविलास जी के बेटे होने के गुरूर का नामोनिशान नहीं है। उन्होंने चिराग में सीखने की ललक होने की बात करते हुए कहा कि वह एक सफल सांसद हैं।

पीएम मोदी ने कहा, एनडीए को दिया आपका एक वोट केंद्र में मोदी की सरकार बनाएगा। इंडी वालों का बटन दबाया तो बेकार जाएगा। अपना वोट देश बनाने के लिए दीजिए। बिहार के लोग बेकार काम नहीं करते, यह भी मैं जानता हूं। बता दें कि हाजीपुर में चिराग का मुख्य मुकाबला राजद के शिवचंद्र राम से है। यहां के मतदाता 20 मई को मतदान करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें