नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के सर्रागोंदी गांव से एक दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक बुजुर्ग महिला 20 साल पहले अपने हाथों से लगाया हुआ पीपल का पेड़ कटने के बाद बहुत जोर-जोर से रोती नजर आ रही है। वह उस पेड़ को अपने बेटे की तरह मानती थी और उसकी दिन-रात देखभाल करती थी। रोजाना पेड़ को पानी देती, उसकी पूजा करती थी।
लेकिन जब यह पेड़ काट दिया गया तो महिला अपने आंसू नहीं रोक पाई और फूट-फूट कर रोने लगी। यह देखकर आसपास के ग्रामीण भी भावुक हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि यह पेड़ गांव के लोगों की श्रद्धा और आस्था का प्रतीक था। यह पेड़ सरकारी जमीन पर था और गांव वाले रोज उसकी पूजा-अर्चना करते थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खैरागढ़ के एक जमीन कारोबारी इमरान मेमन ने अपने साथी प्रकाश कोसरे के साथ मिलकर यह पेड़ काटवाया। उन्होंने पेड़ काटने के बाद लकड़ी काटने वाली मशीन को नदी में फेंक दिया ताकि सबूत न मिले।
20 साल पहले अपने हाथों से लगाया था पीपल का पेड़
अब कट गया तो फूट-फूटकर रोई महिला…
छत्तीसगढ़ के ग्राम सर्रागोंदी के जमीन कारोबारी इमरान मेमन ने पेड़ कटवा दिया था pic.twitter.com/m9M9FIbiaZ
— Nehra Ji (@nehraji77) October 10, 2025
ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर खैरागढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए आरोपी इमरान मेमन को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में इमरान ने माना कि उसने अपनी जमीन के सामने सरकारी भूमि पर लगे पेड़ को हटवाया ताकि उसकी जमीन समतल हो सके।
पुलिस अब मशीन की तलाश में गोताखोरों की मदद ले रही है और आरोपी के पास से एक स्कूटी भी जब्त की गई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने उस जगह पर नया पीपल का पौधा लगा दिया है। यह पूरा मामला प्रकृति से लगाव और भावनाओं की गहराई को दर्शाता है, जो वीडियो की वजह से लोगों के दिलों को छू रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...