Site icon Dainik Savera Times

Elon Musk बना सकते हैं नई राजनीतिक पार्टी, डोनाल्ड ट्रंप से बढ़ी दूरियां

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के अरबपति बिजनेसमैन और टेस्ला के मालिक एलन मस्क और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अब रिश्ते पहले जैसे नहीं रहे। दोनों कभी अच्छे दोस्त माने जाते थे, लेकिन अब उनके बीच नाराजगी साफ नजर आ रही है। इसी बीच एलन मस्क ने एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का इशारा दिया है, जिसका नाम हो सकता है – ‘द अमेरिका पार्टी’।

मस्क ने लोगों से मांगी राय, 80% बोले – चाहिए नई पार्टी
एलन मस्क ने एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोल चलाया और लोगों से पूछा कि “क्या अमेरिका को एक नई पार्टी की जरूरत है?” इस पोल में 56 लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया, जिसमें से करीब 80.4% लोगों ने नई पार्टी के पक्ष में वोट किया। मस्क ने इसका जवाब देते हुए लिखा – “लोगों ने बोल दिया है। अमेरिका को एक ऐसी पार्टी चाहिए जो 80% लोगों की आवाज उठाए – ‘द अमेरिका पार्टी’।”

ट्रंप सरकार के बिल पर मस्क का हमला
मस्क और ट्रंप के बीच तनाव तब बढ़ा जब एलन मस्क ने ट्रंप सरकार के खर्चों को लेकर बनाए गए एक बड़े बिल की कड़ी आलोचना की। मस्क ने इस बिल को ‘घिनौना’ बताया। बता दें कि इस बिल में 2.4 ट्रिलियन डॉलर का घाटा दिखाया गया है। इसी को लेकर मस्क ने 30 मई को ट्रंप सरकार में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह Department of Government Efficiency (DOGE) के चीफ पद पर थे।

दोस्ती में कैसे आई दरार?
साल 2024 के चुनाव में एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप का खुलकर समर्थन किया था। उन्होंने ट्रंप को चुनाव प्रचार के लिए 220 मिलियन डॉलर से ज्यादा की आर्थिक मदद भी दी थी। लेकिन अब मस्क की आलोचना और पार्टी बनाने की बात से ट्रंप गुस्से में हैं। ट्रंप ने कहा – “मैं एलन की बातों से हैरान और नाराज हूं। मैंने उसकी बहुत मदद की थी, लेकिन अब हमारे रिश्ते पहले जैसे नहीं रहे।”

अमेरिका की राजनीति में मचा हलचल
मस्क के नए राजनीतिक पार्टी की चर्चा से अमेरिका की राजनीति में खलबली मच गई है। अगर मस्क सच में पार्टी बनाते हैं, तो यह ट्रंप और बाइडेन दोनों के लिए चुनौती बन सकती है।

Exit mobile version