Site icon Dainik Savera Times

भारत में Elon Musk की Starlink को मिला लाइसेंस, 15 दिन में शुरू होगा ट्रायल

Starlink Coming in india : भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) ने एलन मस्क की कंपनी Starlink को भारत में सैटेलाइट कम्युनिकेशन (उपग्रह संचार) सेवा शुरू करने की मंज़ूरी दे दी है। यह जानकारी समाचार एजेंसी PTI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से दी है।

अभी आधिकारिक ऐलान नहीं, लेकिन ट्रायल जल्द
हालांकि सरकार या Starlink की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कंपनी को लाइसेंस मिल चुका है और आने वाले 15 से 20 दिनों के अंदर ट्रायल के लिए स्पेक्ट्रम (फ्रीक्वेंसी) भी दे दिया जाएगा।

दूरदराज इलाकों में भी मिलेगा हाई-स्पीड इंटरनेट
इस कदम से गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों में भी तेज़ और बेहतर इंटरनेट सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। Starlink की एंट्री से भारत के इंटरनेट ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) में बड़ा बदलाव आने की संभावना है। Starlink ने हाल ही में बांग्लादेश में अपनी सेवा शुरू की है, जहां यह सेवा हर महीने लगभग 3,000 रुपये में मिलती है और इसके लिए एक बार में 33,000 रुपये का हार्डवेयर भी खरीदना पड़ता है। भारत में भी कीमतें लगभग इसी के आसपास हो सकती हैं, लेकिन सही कीमतें सेवा लॉन्च होने के बाद ही सामने आएंगी।

पहले भी की थी कोशिश, लेकिन नहीं मिला थी मंज़ूरी
Starlink ने साल 2021 में भारत में सेवा शुरू करने की कोशिश की थी। उस समय कंपनी ने प्री-ऑर्डर भी लिए थे, लेकिन सरकारी मंज़ूरी नहीं मिलने के कारण उन्हें सभी भुगतान वापस करने पड़े। अब मिली मंजूरी से साफ है कि भारत में Starlink जल्द ही अपनी सेवा शुरू कर सकता है।

Starlink तीसरी कंपनी बनी जिसे यह लाइसेंस मिला
Starlink अब भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के लिए लाइसेंस प्राप्त करने वाली तीसरी कंपनी बन गई है। इससे पहले Reliance Jio और OneWeb को भी यह लाइसेंस मिल चुका है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्या कहा?
Starlink पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था, ‘Starlink की सैटेलाइट सर्विस टेलीकम्युनिकेशन के गुलदस्ते में एक नए फूल की तरह है. पहले के समय में सिर्फ फिक्स्ड लाइन्स थी और उन्हें भी मैन्युअली रोटेट करना पड़ता था. आज हमारे पास ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के साथ मोबाइल कनेक्टिविटी भी है।’

क्या है Starlink?
Starlink, एलॉन मस्क की कंपनी SpaceX की एक सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस है. ये लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट बेस्ड इंटरनेट सर्विस है. इसकी मदद से दुनिया के दूर-दराज के इलाकों में हाई स्पीड इंटरनेट पहुंचाया जा सकता है. पिछले काफी समय से चर्चा है कि स्टारलिंक की सर्विस भारत में लॉन्च होगी।

 

Exit mobile version