जम्मू। जम्मू कश्मीर में उधमपुर जिले के एक वन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी को मार गिराया जबकि तीन अन्य आतंकी अब भी घिरे हुए हैं। चार आतंकवादियों के इस समूह की पिछले एक वर्ष से तलाश की जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि सेना और पुलिस के एक संयुक्त खोज दल ने बृहस्पतिवार सुबह जिले में बसंतगढ़ के सुदूर बिहाली इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके दौरान मुठभेड़ शुरू हुई। उन्होंने बताया कि इलाके में अतिरिक्त बलों को भेजा गया है और खराब मौसम के बावजूद व्यापक तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अभियान में अब तक एक आतंकवादी को मार गिराया गया है। अभियान अभी जारी है। उन्होंने बताया, ऑपरेशन बिहाली’ कोड नाम वाला यह अभियान ऐसे वक्त में शुरू किया गया है जब एक सप्ताह बाद कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुरू होगी। जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं को बताया, ‘‘आतंकवादियों का सुबह करीब साढ़े आठ बजे पता चला..माना जा रहा है कि उनकी संख्या चार है और हम इस समूह को पिछले एक साल से ढूंढ रहे थे।’’ कोहरा होने के बावजूद तलाश अभियान जारी है और मौसम में सुधार होने के बाद ही असल स्थिति का पता चलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि जिन आतंकवादियों को घेरा गया है, वे पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य हैं और सेना के पैरा कमांडो की अगुवाई में संयुक्त तलाश दल ने करूर नाला के पास उन्हें छिपे हुए पाया। इससे पहले, सुबह जम्मू स्थित सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘एक सटीक सूचना के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने बसंतगढ़ के बिहाली इलाके में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। आतंकवादियों से सामना हुआ। अभियान अभी जारी है।’’ अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद बुधवार देर रात सांबा जिले के पुरमंडल इलाके में तलाश अभियान चलाया था। हालांकि, कुछ भी बरामद न होने के बाद अभियान शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
कैसे शुरू हुआ मुठभेड़?
सेना को खास खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ आतंकवादी बसंतगढ़ के सांझी नालाहा इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को पूरी तरह घेर लिया और सर्च ऑपरेशन (तलाशी अभियान) शुरू कर दिया।
Op BIHALI
Based on specific intelligence, a joint operation was launched by #IndianArmy and @JmuKmrPolice in the Bihali area of #Basantgarh.Contact has been established with #terrorists. The #operation is currently in progress.@adgpi@NorthernComd_IA pic.twitter.com/bEbi8O0bu1
— White Knight Corps (@Whiteknight_IA) June 26, 2025
जवानों ने इलाके को घेरा
जब जवान इलाके की घेराबंदी कर रहे थे, तभी आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुबह 9 बजे से लगातार दोनों ओर से गोलीबारी चल रही है। जवाबी कार्रवाई में सेना ने एक आतंकी को मार गिराया है।
इधर, रजौरी में भी तलाशी अभियान जारी
राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास स्थित केरी सेक्टर के बारात गाला इलाके में मंगलवार को घुसपैठ की कोशिश के बाद बुधवार को भी सेना ने इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी रखा. सेना ने इलाके की घेराबंदी कर स्निफर डॉग्स और ड्रोन की मदद से जगह-जगह सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अभी तक मिली जानकारी के अनुसार कोई आतंकी पकड़ा नहीं गया है।