Site icon Dainik Savera Times

ENG vs WI T20: साउथैम्पटन में तीसरे मुकाबले पर टिकी दोनों टीमों की नजरें, जानिए कैसी होगी पिच और स्टेडियम का रिकॉर्ड

ENG vs WI T20 : इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच जारी टी-20 सीरीज अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। इस सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 10 जून को साउथैम्पटन के प्रसिद्ध रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा। इंग्लैंड पहले ही सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है और अब उनकी नजरें वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप पर होंगी। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम इस मैच को जीतकर सीरीज का अंत सम्मानजनक तरीके से करना चाहेगी।

साउथैम्पटन की पिच रिपोर्ट… गेंदबाजों-बल्लेबाजों दोनों के लिए मददगार

रोज बाउल स्टेडियम की पिच को बैलेंस्ड पिच माना जाता है, जहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को बराबर का सहयोग मिलता है। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और बाउंस से फायदा मिलता है, वहीं जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाजों की भूमिका भी अहम हो जाती है।

इस पिच पर बल्लेबाजी करना ज्यादा मुश्किल नहीं होता, लेकिन दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करना अक्सर चुनौतीपूर्ण साबित होता है। यही वजह है कि टॉस जीतने वाला कप्तान आमतौर पर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करता है। इस मैदान पर टी-20 का औसत स्कोर लगभग 170 रन है।

साउथैम्पटन के टी-20 अंतरराष्ट्रीय आंकड़े

अब तक रोज बाउल स्टेडियम में कुल 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से 12 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम विजयी रही है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को केवल 5 बार ही जीत नसीब हुई है। इससे यह साफ है कि इस मैदान पर पहले बैटिंग करना फायदे का सौदा हो सकता है।

इस मैदान पर टी-20 में सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया ने 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। उन्होंने 20 ओवर में 6 विकेट पर 248 रन बनाए थे। वहीं, सबसे कम स्कोर भी ऑस्ट्रेलिया के ही नाम है, जब 2005 में उनकी टीम इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 79 रन पर ढेर हो गई थी।

मुकाबले की अहमियत

जहां एक ओर इंग्लैंड क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगा, वहीं वेस्टइंडीज की कोशिश होगी कि वो अंतिम मैच जीतकर आत्मविश्वास वापस हासिल करे। इस रोमांचक मुकाबले में पिच और टॉस की भूमिका निर्णायक हो सकती है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस दिलचस्प मुकाबले पर टिकी होंगी।

ये भी पढ़े : TNPL 2025: इस कप्तान को अंपायर के साथ बहस करना पड़ा भारी… लगा इतने लाख का जुर्माना

Exit mobile version