Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

J&k News : पहलगाम की घाटी होगी गुलजार, इन पर्यटन स्थलों पर फिर से मिलेगी एंट्री… LG मनोज सिन्हा ने किया बड़ा ऐलान

June 15, 2025

J&k News : पहलगाम की घाटी होगी गुलजार, इन पर्यटन स्थलों पर फिर से मिलेगी एंट्री… LG मनोज सिन्हा ने किया बड़ा ऐलान

नेशनल डेस्क : 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कई पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। इस हमले के बाद राज्य सरकार ने यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। अब घाटी में हालात सामान्य होते देख जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 15 जून को सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी कि कुछ प्रमुख पर्यटन स्थलों को 17 जून से आम लोगों के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

17 जून से दोबारा खोला जाएगा 

आपको बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को हुए हमले के बाद अब घाटी में हालात सामान्य होते देख जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 15 जून को सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी कि कुछ प्रमुख पर्यटन स्थलों को 17 जून से आम लोगों के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा। जिन स्थानों को खोला जा रहा है, उनमें बेताब घाटी, पहलगाम मार्केट, वेरीनाग गार्डन, कोकरनाग गार्डन और अच्छाबल गार्डन शामिल हैं। ये वे स्थल हैं जिन्हें आतंकी घटना के बाद बंद कर दिया गया था।

सुरक्षा समीक्षा के बाद लिया गया फैसला

हालांकि, मनोज सिन्हा ने बताया कि इन स्थलों को खोलने से पहले प्रशासन ने गंभीरता से सुरक्षा का मूल्यांकन किया है। जम्मू और कश्मीर के दोनों संभागों के जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मंगाई गई थी। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर तय किया गया कि किन इलाकों को पहले खोला जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो स्थल अब खोले जा रहे हैं, वे पूरी तरह से सुरक्षित माने गए हैं और आम पर्यटक वहां निश्चिंत होकर घूम सकते हैं।

जम्मू के कुछ इलाकों में भी फिर से खुलेगा पर्यटन

LG सिन्हा ने आगे बताया कि जम्मू संभाग के कठुआ, रियासी और डोडा जैसे जिलों के कुछ पर्यटन स्थल भी खोले जा रहे हैं। इन स्थानों को भी सुरक्षा समीक्षा के बाद चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है। इसके साथ ही एक विशेष समिति बनाई गई है जो अन्य पर्यटन स्थलों की स्थिति की समीक्षा करेगी और आगे और जगहों को खोलने का निर्णय लिया जाएगा। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग मिलकर इन योजनाओं को लागू करेंगे ताकि आने वाले दिनों में पर्यटन गतिविधियों को सामान्य किया जा सके।

वंदे भारत एक्सप्रेस और बढ़ती पर्यटकों की रुचि

पर्यटन को दोबारा गति देने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उपराज्यपाल ने बताया कि कटरा से कश्मीर के बीच शुरू की गई वंदे भारत एक्सप्रेस से पर्यटकों में यात्रा को लेकर उत्साह बढ़ा है। इससे लोगों को आसान और तेज़ यात्रा का विकल्प मिला है, जिससे राज्य के पर्यटन उद्योग को मजबूती मिल रही है। इसके अलावा, केंद्र सरकार के कृषि मंत्री कश्मीर में एक अहम बैठक करने की योजना बना रहे हैं और जल्द ही एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल भी श्रीनगर का दौरा करेगा।

पर्यटकों को निडर होकर घाटी आने का आग्रह

इसके साथ ही LG मनोज सिन्हा ने देशभर के लोगों से अपील की कि वे जम्मू-कश्मीर की यात्रा करने से न डरें। खासकर भगवान भोलेनाथ के भक्तों से उन्होंने कहा कि वे बेझिझक अमरनाथ यात्रा या अन्य तीर्थस्थलों की यात्रा पर आएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार ने राज्य में पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए हैं और पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें