नई दिल्ली: सिंगापुर में दिए गए एक इंटरव्यू को लेकर भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान इन दिनों चर्चा में हैं। उनके बयान के बाद देश की राजनीति गर्म हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा और कई तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने मोदी सरकार पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
खड़गे का बड़ा बयान
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर खड़गे ने लिखा कि CDS के इंटरव्यू के बाद कुछ ऐसे सवाल खड़े हो गए हैं जिनके जवाब जरूरी हैं। इसके लिए उन्होंने संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है।खड़गे ने कहा, “हमारे बहादुर पायलटों ने जान की परवाह किए बिना दुश्मन का सामना किया। हमने कुछ नुकसान उठाया, लेकिन हमारे पायलट सुरक्षित रहे। CDS के मुताबिक हमने गलतियों से सीखा और दो दिन बाद फिर से फाइटर जेट ने उड़ान भरी। ये हमारे सैनिकों का शौर्य है, जिसे सलाम है।”
स्वतंत्र जांच की मांग
खड़गे ने यह भी कहा कि कांग्रेस चाहती है कि एक स्वतंत्र विशेषज्ञों की कमेटी गठित की जाए जो इस पूरी घटना की गहराई से समीक्षा (रिव्यू) करे। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के बाद जैसी जांच हुई थी, उसी तर्ज पर यह भी होनी चाहिए।
ट्रंप और सीजफायर पर नाराजगी
खड़गे ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया। उन्होंने नाराजगी जताई कि मोदी सरकार लगातार सीजफायर (युद्धविराम) का क्रेडिट ले रही है, जबकि यह शिमला समझौते का उल्लंघन है।
PM मोदी पर सीधा हमला
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, “जब देश गंभीर हालात से गुजर रहा था, उस समय प्रधानमंत्री चुनावी यात्रा पर थे। वे सेना की बहादुरी को अपना निजी क्रेडिट बना रहे हैं, लेकिन सीजफायर को लेकर कोई जानकारी नहीं दे रहे।” उन्होंने यह भी पूछा कि आखिर किन शर्तों के आधार पर यह युद्धविराम हुआ, और क्या यह देश के हित में था?
सीडीएस का बयान
भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने पहली बार यह स्वीकार किया है कि पाकिस्तान के साथ टकराव के दौरान भारत के कुछ लड़ाकू विमान गिराए गए थे। जनरल चौहान ने कहा, “असल मुद्दा यह नहीं है कि हमारे कितने विमान गिरे, बल्कि यह है कि वे क्यों गिरे। हमने अपनी रणनीतिक गलतियों को पहचाना, उनका विश्लेषण किया और उन्हें जल्दी से सुधार लिया। दो दिन के भीतर हमने फिर से हमला किया और अपने सभी जेट विमानों को सफलतापूर्वक उड़ाया।” जनरल चौहान ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री द्वारा चार राफेल समेत छह भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराने का दावा “पूरी तरह गलत” है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...