नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के पुणे जिले के खराड़ी इलाके से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बता दें कि पुलिस के हाथ एक ऐसा युवक लगा है जो खुद को भारतीय वायु सेना का अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करने और धोखा देने का काम करता था। आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी युवक नाम गौरव कुमार दिनेश कुमार है, जो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है और पुणे के वरदविनायक अपार्टमेंट में रह रहा था। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
खुफिया सूचना के बाद हुई कार्रवाई
आपको बता दें कि पुलिस को गौरव कुमार की संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद दक्षिणी कमान की सैन्य खुफिया इकाई और खड़की पुलिस स्टेशन की टीम ने रविवार रात को संयुक्त ऑपरेशन चलाया और रात करीब 8:40 बजे उसे खराड़ी से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गौरव पुणे के एक होटल में नौकरी करता था, लेकिन सोशल मीडिया पर खुद को IAF अधिकारी बताता था। वह वायुसेना की वर्दी पहनकर फोटो खींचता और पोस्ट करता था ताकि लोगों को प्रभावित कर सके।

IAF से जुड़ी नकली वर्दी और सामान बरामद
पुलिस ने जब उसके घर की तलाशी ली तो वहां से भारतीय वायु सेना जैसी वर्दी और अन्य सामान बरामद हुए। इनमें शामिल हैं…
-IAF जैसी दिखने वाली ट्रैकसूट की जैकेट
-एक जोड़ी लड़ाकू पैंट
-लड़ाकू जूते
-दो IAF टी-शर्ट
-दो IAF बैज
कानूनी मामला दर्ज, ठगी की जांच जारी
वहीं अब इस पूरे मामले को देखते हुए गौरव कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 168 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो किसी सरकारी पद या वर्दी का गलत उपयोग करने पर लागू होती है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने कितने लोगों से ठगी की, और किस तरह की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को धोखा देना एक गंभीर अपराध है। इस मामले से साफ होता है कि कैसे कुछ लोग सरकारी वर्दी और प्रतिष्ठा का गलत इस्तेमाल करके आम लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। पुलिस की सतर्कता से यह मामला समय रहते पकड़ में आ गया।