Site icon Dainik Savera Times

Fake Ayushman Bharat Card Case : चंडीगढ़ से हिमाचल तक ED ने 19 जगहों पर की छापेमारी

चंडीगढ़ : आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को हिमाचल, चंडीगढ़, पंजाब समेत 19 जगहों पर छापेमारी की। हिमाचल में 40 वाहनों में सवार 150 अधिकारियों की टीम कांगड़ा, ऊना, शिमला, मंडी और कुल्लू पहुंची है। ईडी की छापेमारी फर्जी आयुष्मान भारत एबी-पीएमजेएवाई आईडी कार्ड बनाने से जुड़े मामले में की गई है।

ईडी की टीम आयुष्मान भारत योजना में अनियमितताओं को लेकर नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक आरएस बाली के घर और उनके निजी फोर्टिस अस्पताल की जांच कर रही है। इसके अलावा टीम देहरा से कांग्रेस प्रत्याशी और प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के घर और उनके बालाजी अस्पताल के दस्तावेजों की जांच कर रही है। कांगड़ा के अन्य निजी अस्पतालों पर भी छापेमारी की सूचना है।

उधर, ऊना जिले के श्री बांके बिहारी निजी अस्पताल में भी ईडी की टीम ने छापेमारी की है। टीम के अधिकारी दो वाहनों में सवार होकर पहुंचे और अस्पताल के अंदर जांच की जा रही है। ईडी की टीम अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके अलावा मेहतपुर के बसदेहड़ा में भी ईडी की टीम जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार इस तरह के फर्जी कार्डों पर कई मेडिकल बिल बनाए गए हैं, जिससे सरकारी खजाने और जनता को नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश के नगरोटा से कांग्रेस विधायक आरएस बाली, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष और बालाजी अस्पताल कांगड़ा के डॉ. राजेश शर्मा का नाम भी इस फर्जीवाड़े में सामने आया है और ईडी उनके ठिकानों की भी तलाशी ले रही है।

Exit mobile version