Dainik Savera Times

इस मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन का हुआ निधन, सिनेमा जगत में शोक की लहर

एंटरटेनमेंट डेस्क: कन्नड़ सिनेमा के मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन बैंक जनार्दन का निधन हो गया है। वे 77 साल के थे और रविवार को बेंगलुरु में उन्होंने आखिरी सांस ली।

उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे एक्टर
बैंक जनार्दन लंबे समय से उम्र संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। हाल के दिनों में उनकी तबीयत और बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनका इलाज सफल नहीं हो सका और वे हमें छोड़कर चले गए। उनके निधन से कन्नड़ सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। कई सिनेमा के सितारों और पूर्व मुख्यमंत्रियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

2023 में पड़ा था दिल का दौरा
पिछले साल 2023 में बैंक जनार्दन को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से उनकी सेहत में लगातार गिरावट आ रही थी। उस समय तो वे ठीक हो गए थे, लेकिन बाद में उनकी हालत बिगड़ने लगी। अंतिम दिनों में उनकी स्थिति और गंभीर हो गई, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था।

500 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
बैंक जनार्दन कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के एक प्रतिष्ठित अभिनेता थे। उन्होंने अपने करियर के दौरान 500 से अधिक फिल्मों और टीवी सीरीज में काम किया। अपने चालीस से अधिक सालों के करियर में उन्होंने कॉमेडी और सपोर्टिंग दोनों तरह के किरदार निभाए। उनका अभिनय बहुत ही सहज और मिलनसार था, जो दर्शकों के दिलों में गहरे तक बस गया।

थिएटर से शुरू हुआ था करियर 
उनका करियर थिएटर से शुरू हुआ था, लेकिन बाद में उन्होंने एक बैंक में काम किया, जहां से उन्हें “बैंक जनार्दन” नाम मिला। उन्होंने कन्नड़ सिनेमा की कई क्लासिक फिल्मों में अपनी भूमिकाएं निभाई, जिनमें शाह, तारले नान मागा, बेलिअप्पा बंगरप्पा जैसी फिल्में शामिल हैं। उनके अभिनय ने बड़े पर्दे से लेकर छोटे पर्दे तक अपनी अमिट छाप छोड़ी।

 

Exit mobile version