Dainik Savera Times

सिनेमा जगत को लगा बड़ा झटका, मशहूर एक्टर विष्णु प्रसाद का कैंसर से निधन

एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म और टीवी की दुनिया से एक और दुखद खबर सामने आई है। मशहूर मलयालम अभिनेता विष्णु प्रसाद का शुक्रवार को निधन हो गया। वे काफी समय से लिवर कैंसर (लिवर सिरोसिस) से जूझ रहे थे। इलाज के लिए उन्होंने लोगों से मदद भी मांगी थी और लिवर ट्रांसप्लांट की तैयारी चल रही थी। लेकिन ऑपरेशन से पहले ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

दोस्त ने दी निधन की जानकारी
विष्णु प्रसाद के निधन की जानकारी उनके करीबी दोस्त और अभिनेता किशोर सत्या ने सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने फेसबुक पर विष्णु प्रसाद की एक मुस्कुराती हुई तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “प्रिय दोस्तों, एक दुखद खबर है। विष्णु प्रसाद का निधन हो गया है। कुछ दिनों से उनका इलाज चल रहा था। भगवान उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत दे।” इस पोस्ट के सामने आने के बाद प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने गहरा दुख जताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

को-एक्टर ने भी जताया शोक
मशहूर मलयालम और तमिल अभिनेत्री सीमा जी. नायर ने भी फेसबुक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “विष्णु प्रसाद ने हमें हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। हमारे बीच का रिश्ता बहुत पुराना था, जब वह एशियानेट के पहले मेगा सीरियल ‘गोकुलम’ में मेरे भाई का किरदार निभा रहे थे। उन्होंने वादा किया था कि लौटकर आएंगे, लेकिन अब सिर्फ खामोशी बची है। मैंने उनकी पत्नी कविता को फोन किया, दूसरी ओर से बस रोने की आवाज आई। अंतिम संस्कार परसों किया जाएगा।”

करियर और अंतिम समय की जद्दोजहद
विष्णु प्रसाद ने अपने करियर में कई चर्चित टीवी शोज़ और फिल्मों में काम किया था, जैसे: ‘कासी’, ‘काई एथुम दूरथु’, ‘रनवे’, ‘मंबाझक्कलम’, ‘लोकनाथन आईएएस’ और ‘पाठका’। विष्णु प्रसाद की बीमारी का पता पिछले महीने चला था। वह लिवर ट्रांसप्लांट करवाना चाहते थे और उनके परिवार को इसके लिए करीब 30 लाख रुपये की ज़रूरत थी। उनकी बेटी ने उन्हें लिवर डोनेट करने का फैसला भी कर लिया था। इलाज के लिए ATMA (एसोसिएशन ऑफ टेलीविजन मीडिया आर्टिस्ट्स) ने भी फंड जुटाने की शुरुआत की थी। लेकिन दुर्भाग्य से, गुरुवार को उनकी तबीयत और बिगड़ गई और शुक्रवार को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

Exit mobile version