एंटरटेनमेंट डेस्क: हाल ही में हिंदी सिनेमा ने अपने महान अभिनेता मनोज कुमार को खो दिया था, और अब फिल्म इंडस्ट्री एक और बड़ी क्षति का शिकार हुई है। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सलीम अख्तर का 82 साल की उम्र में निधन हो गया। वह रानी मुखर्जी और तमन्ना भाटिया जैसी प्रमुख एक्ट्रेसेस को बॉलीवुड में लॉन्च करने के लिए मशहूर थे।
वेंटिलेटर परलड़ रहे थे जिंदगी की जंग
सलीम अख्तर का निधन 8 अप्रैल को हुआ। वे कुछ दिनों से कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती थे और वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे थे। मंगलवार को उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। सलीम अख्तर अपनी सादगी और सीधे स्वभाव के लिए काफी प्रसिद्ध थे। उन्होंने 1980 और 1990 के दशक में कई हिट फिल्में बनाई और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई।

उनकी प्रमुख फिल्में
उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘चोरों की बारात’, ‘कयामत’, ‘लोहा’, ‘बंटवारा’, ‘फूल और अंगारे’, ‘बाजी’, ‘इज्जत’, और ‘बादल’ जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्होंने बॉलीवुड के दिग्गज सितारों आमिर खान और बॉबी देओल के साथ भी काम किया था। सलीम अख्तर की फिल्मों में मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी होता था, जो उन्हें एक खास स्थान दिलाता है। उनका फिल्मी योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
शानदार अभिनेत्रियों को किया लॉन्च
सलीम अख्तर ने फिल्म इंडस्ट्री को रानी मुखर्जी और तमन्ना भाटिया जैसी शानदार अभिनेत्री दी। रानी मुखर्जी ने 1997 में उनकी फिल्म ‘राजा की आएगी बारात’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, जबकि तमन्ना भाटिया ने 2005 में ‘चांद सा रोशन चेहरा’ फिल्म से डेब्यू किया था।
बॉलीवुड में शोक की लहर
सलीम अख्तर की पत्नी शमा अख्तर से उनकी शादी हुई थी। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार 9 अप्रैल, बुधवार को होगा। दोपहर 1:30 बजे जोहर की नमाज के बाद, इरला मस्जिद के पास स्थित कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। फिल्म इंडस्ट्री में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।