Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में 5वें आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

September 19, 2025

दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में 5वें आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

नेशनल डेस्क: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग की साजिश में शामिल पांचवें आरोपी को बरेली पुलिस ने शाही थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह आरोपी फायरिंग की घटना में रेकी करने वाले अपराधियों में शामिल था। शुक्रवार रात को पुलिस और आरोपियों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें आरोपी 19 वर्षीय रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू घायल हो गया। आरोपी राजस्थान के बियावर जिले का रहने वाला है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मुठभेड़ में क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान रामनिवास को गोली लगी, और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके पास से पुलिस ने एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी अनिल, जो सोनीपत का रहने वाला है, को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी एक तमंचा और कारतूस मिले। दोनों आरोपी बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार थे।

क्या था आरोपी का मकसद?

पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग में शामिल थे और घटना से पहले फायरिंग की जगह की रेकी कर चुके थे। दोनों लगातार सक्रिय थे और पुलिस ने इनको शाही थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की घटना

यह मामला 12 सितंबर की सुबह करीब 3.45 बजे बरेली का है, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने दिशा पाटनी के घर पर करीब नौ राउंड फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद, इस गैंग ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली थी। उनका कहना था कि यह हमला दिशा पाटनी की बहन खुशबू पटानी द्वारा कथावाचक प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य पर की गई टिप्पणी का बदला था। इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिशा पाटनी के पिता और पूर्व डीएसपी जगदीश पाटनी से फोन पर बात कर उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया था।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू किया और ढाई हजार से ज्यादा फुटेज की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने यह कबूल किया कि वह भविष्य में उत्तर प्रदेश में कभी नहीं लौटेगा। पुलिस अब उसके गिरोह के बाकी सदस्यों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें