Site icon Dainik Savera Times

ऑस्ट्रिया के स्कूल में ताबड़तोड़ फायरिंग, 7 छात्रों समेत 9 की मौत

ऑस्ट्रिया: ऑस्ट्रिया के ग्राज शहर में एक स्कूल में हुई फायरिंग की घटना ने पूरे देश को हिला दिया है। यह हमला स्कूल के ही एक छात्र ने किया, जिसने अंधाधुंध गोलियां चलाकर 7 छात्रों, एक स्कूल कर्मचारी की हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली।

क्या हुआ?
घटना ग्राज शहर के एक स्कूल की है, जो ऑस्ट्रिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। सुबह करीब 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) पुलिस को सूचना मिली कि स्कूल में गोलियां चलाई जा रही हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक स्कूल के अंदर से लगातार फायरिंग की आवाजें आ रही थीं।

छात्र ने की अंधाधुंध फायरिंग
जानकारी के अनुसार, एक छात्र हथियार लेकर स्कूल पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की चपेट में आकर 7 छात्र और एक कर्मचारी मारे गए। इसके बाद वह छात्र वॉशरूम गया और खुद को भी गोली मार ली।

पुलिस ने संभाली स्थिति, स्कूल खाली कराया गया
पुलिस और सुरक्षाबलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल को खाली करा लिया और सभी छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा। पुलिस ने लोगों को इलाके से दूर रहने और अफवाहों से बचने की सलाह दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पुलिस ने बताया कि अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

कुछ घायल, अस्पताल में भर्ती
फायरिंग में कुछ लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने अभी तक घायलों की संख्या और हालत की पूरी जानकारी नहीं दी है। ग्राज शहर की मेयर एल्के काहर ने बताया कि मरने वालों में हमलावर छात्र भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना है। इस मामले की जांच अब स्पेशल टास्क फोर्स को सौंपी गई है। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्री भी ग्राज शहर पहुंचने वाले हैं।

ग्राज शहर की जानकारी
ग्राज, ऑस्ट्रिया के दक्षिण-पूर्व में स्थित है और इसकी जनसंख्या करीब 3 लाख है। यह शहर देश के शिक्षा और तकनीकी केंद्रों में से एक माना जाता है।

Exit mobile version