Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जल प्रलय: भारत-पाक सीमा पर 110 km फैंसिंग क्षतिग्रस्त; 90 BSF चौकियां पानी में डूबी, भाखड़ा बांध खतरे के निशान से 1 फीट दूर

September 5, 2025

जल प्रलय: भारत-पाक सीमा पर 110 km फैंसिंग क्षतिग्रस्त; 90 BSF चौकियां पानी में डूबी, भाखड़ा बांध खतरे के निशान से 1 फीट दूर

Ind-Pak Border: पंजाब और जम्मू के अग्रिम इलाकों में बाढ़ के कारण भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा की 110 किलोमीटर से ज्यादा बाड़ क्षतिग्रस्त हो गई है और लगभग 90 बीएसएफ चौकियां जलमग्न हैं। आधिकारिक सूत्रों ने वीरवार को यह जानकारी दी।

अंतर्राष्ट्रीय सीमा 2,289 किलोमीटर लंबी है, जो देश के पश्चिमी हिस्से में राजस्थान और गुजरात राज्यों से होकर भी गुजरती है। बीएसएफ जम्मू में लगभग 192 किलोमीटर और पंजाब में 553 किलोमीटर की पहरेदारी करता है। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर लगी लगभग 80 किलोमीटर लंबी बाड़ और जम्मू में लगभग 30 किलोमीटर लंबी बाड़ बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। इन जगहों पर लगी बाड़ या तो डूब गई है, उखड़ गई है या झुक गई है।

बाढ़ से जम्मू में बीएसएफ की लगभग 20 और पंजाब में 65-67 चौकियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं या जलमग्न हो गई हैं। बीएसएफ की कई अग्रिम रक्षा चौकियां या ऊंचाई पर स्थित निगरानी चौकियां भी प्रभावित हुई हैं। एक अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ ने अब इन दोनों क्षेत्रों में बाड़ और सीमा चौकियों को बहाल करने के लिए एक ‘बड़ा अभियान’ शुरू किया है ताकि जवान फिर से वहां तैनात हो सकें।

मदद के लिए आगे आए कलाकार : बाढ़ के बीच अब फिल्मी कलाकार भी आगे आ गए हैं। अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ ने संदेश भेजा है कि उनकी टीमें एक्टिव हैं और तब तक सेवा जारी रहेगी, जब तक पंजाब फिर से खड़ा नहीं हो जाता। अभिनेता रणदीप हुड्डा और गायिका सुनंदा शर्मा खुद सेवा में जुटे हैं। एक्टर हुड्डा खुद यूनाइटेड सिख्स के साथ हाथ से हाथ मिला रहे हैं। इसी बीच अभिनेता रजा मुराद ने भी पंजाब के लिए संदेश भेजा है। उनका कहना है कि पंजाबी वे है, जो विश्व में कहीं भी मुश्किल की घड़ी आई तो खड़ा रहता है।

भाखड़ा बांध के चारों फ्लड कंट्रोल गेट 10-10 फीट तक खोले गए

नंगल: भाखड़ा बांध में पानी इसकी अधिकतम क्षमता 1,680 फुट से लगभग एक फुट कम होने के कारण रूपनगर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया और सतलुज नदी के पास रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया। भाखड़ा बांध और इसके जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश के बाद बांध में जलस्तर इसकी अधिकतम क्षमता 1,680 फुट से महज एक फुट कम 1,678.97 फुट तक पहुंच गया। बांध में 95,435 क्यूसिक पानी पहुंचा, जबकि 73,459 क्यूसिक पानी छोड़ा गया। ब्यास नदी पर स्थित पौंग बांध का जलस्तर 1,394.51 फुट तक पहुंच गया है, जो इसकी ऊपरी सीमा क्षमता 1,390 फुट से 4 फुट अधिक है। पौंग बांध में 1,32,595 क्यूसिक पानी पहुंचा जबकि 91,167 क्यूसिक पानी छोड़ा गया। रूपनगर के उपायुक्त (डीसी) वरजीत सिंह वालिया ने कहा कि भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,679 फुट तक पहुंच गया है। जबकि, लगभग 75,000 क्यूसिक पानी छोड़ा गया है। इसे बढ़ाकर 80,000 से 85,000 क्यूसिक किया जा सकता है। वहीं, वीरवार दोपहर भाखड़ा बांध के चारों फ्लड कंट्रोल गेटों को बढ़ाकर पहले 9 बाद में 1क्-1क् फीट तक खोल दिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें