Site icon Dainik Savera Times

ऑपरेशन सिंदूर पर विदेश मंत्री का बड़ा बयान, हमले के 30 मिनट बाद पाकिस्तान को किया गया था अलर्ट

नेशनल डेस्क: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को संसद की विदेश मामलों पर बनी सलाहकार समिति की बैठक में बताया कि 7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के 30 मिनट के अंदर ही पाकिस्तान को इसकी जानकारी दे दी गई थी। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पीओके (पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर) में मौजूद 9 आतंकी शिविरों पर सटीक हमला किया गया।

क्या कहा विदेश मंत्री ने?
जयशंकर ने कहा कि भारत ने सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और तनाव न बढ़े, इसलिए पाकिस्तान को वक्त रहते अलर्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा, “वे गोली चलाते हैं, हम गोली चलाते हैं। वे रुकते हैं, हम रुकते हैं। यही हमारा साफ और सटीक रुख है।” अमेरिका की चेतावनी पर भी भारत ने दो टूक कहा, “अगर पाकिस्तान ने हमला बढ़ाया, तो हम पूरी ताकत से जवाब देने को तैयार हैं।” इस बैठक की अध्यक्षता खुद एस जयशंकर ने की। इसमें केसी वेणुगोपाल, मनीष तिवारी, मुकुल वासनिक, प्रियंका चतुर्वेदी, अपराजिता सारंगी और गुरजीत औजला जैसे सांसद मौजूद थे।

राहुल गांधी ने उठाए सवाल, विदेश मंत्रालय का जवाब
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाते हुए कहा, “हमले से पहले पाकिस्तान को अलर्ट करना एक अपराध है। विदेश मंत्री ने खुद यह स्वीकार किया है। ऐसा किसके आदेश पर हुआ? क्या इससे हमारी वायुसेना को नुकसान हुआ?” इस पर विदेश मंत्रालय ने राहुल गांधी के दावे को खारिज करते हुए कहा, “यह बयान तथ्यों को गलत तरीके से पेश करता है। जयशंकर ने कहा था कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद पाकिस्तान को जानकारी दी गई थी, पहले नहीं। इसे जानबूझकर तोड़-मरोड़कर बताया गया है।”

क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसके जवाब में भारत ने 7 मई की सुबह ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया गया। जवाबी हमलों में पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों को टारगेट करने की कोशिश की, जिसका भारतीय सेना ने कड़ी जवाबी कार्रवाई में जवाब दिया।

Exit mobile version