Site icon Dainik Savera Times

Indigo Flight का नहीं खुला गेट, 30 मिनट तक फंसे रहे पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत अन्य यात्री

नेशनल डेस्क: रायपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर उस समय हलचल मच गई, जब दिल्ली से आई इंडिगो फ्लाइट 6E 6312 का मुख्य दरवाजा तकनीकी खराबी के कारण नहीं खुल पाया। यह फ्लाइट दोपहर 2:25 बजे रायपुर के वीर नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी। फ्लाइट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक चतुरी नंद, रायपुर की मेयर मीनल चौबे और अन्य यात्री भी सवार थे।

30 मिनट तक विमान के अंदर ही फंसे रहे

लैंडिंग के बाद विमान का दरवाजा खोलने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण यह नहीं खुल पाया। गेट खोलने की कोशिशों के दौरान विमान की केबिन स्क्रीन पर गेट से जुड़ा कोई सिग्नल नहीं मिला, जिससे यात्रियों के बीच थोड़ी घबराहट फैल गई। इस दौरान, लगभग 30 मिनट तक यात्री विमान के अंदर ही फंसे रहे।

भूपेश बघेल का बयान 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह पूरी समस्या दरवाजे में तकनीकी खराबी के कारण हुई थी। हालांकि, कुछ देर बाद समस्या का समाधान कर विमान का गेट खोला गया और सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ पाए।

तकनीकी समस्या थी, समय रहते ठीक कर लिया: अधिकारी

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यह एक तकनीकी समस्या थी, जिसे समय रहते ठीक कर लिया गया। घटना के बाद विमान की पूरी तकनीकी जांच की जा रही है। इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा तैयारियों और इंडिगो एयरलाइन की तकनीकी निगरानी पर सवाल उठाए हैं, हालांकि किसी भी यात्री को कोई चोट या हानि नहीं हुई है।

Exit mobile version