Site icon Dainik Savera Times

राजस्थान: कांग्रेस के पूर्व मंत्री का निजी सचिव जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, 6 बार गया पाकिस्तान

नेशनल डेस्क: राजस्थान के जैसलमेर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सालेह मोहम्मद के पूर्व निजी सहायक शकूर खान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के शक में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, शकूर खान पिछले कुछ सालों में 6 से 7 बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुका है,और उस पर गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है।

कौन है शकूर खान?
शकूर खान जैसलमेर का रहने वाला है और वर्तमान में रोजगार कार्यालय (Employment Office) में सरकारी कर्मचारी के रूप में तैनात है। पहले वह कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सालेह मोहम्मद का निजी सहायक (PA) रह चुका है। बताया गया है कि ये दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं।

क्यों हुई गिरफ्तारी?
राजस्थान सीआईडी और जयपुर से आई विशेष खुफिया टीम ने उसे जैसलमेर के एक सरकारी दफ्तर से हिरासत में लिया। पुलिस को शक है कि वह पाकिस्तान की ISI को संवेदनशील सूचनाएं पहुंचा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के समय वह जिला कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात था, जिससे उसे अहम सूचनाएं मिल सकती थीं।

क्या मिला जांच में?
खुफिया एजेंसियां शकूर की लंबे समय से निगरानी कर रही थीं। उसके मोबाइल फोन में कई अज्ञात पाकिस्तानी नंबर मिले, जिनका वह कोई ठीक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने पाकिस्तान जाने की बात भी स्वीकार की, लेकिन सरकार से इसकी अनुमति नहीं ली थी। हालांकि, अब तक कोई सैन्य या अति संवेदनशील वीडियो नहीं मिला है, लेकिन कई फाइलें डिलीट की गई पाई गईं। शकूर के मोबाइल और बैंक खातों की जांच चल रही है, जिसमें संदिग्ध लेन-देन की भी संभावना जताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी का बयान 
जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कहा, “हमें उच्च अधिकारियों से शकूर खान की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर हमने उसे जांच के लिए हिरासत में लिया है।”


BJP का कांग्रेस पर तीखा हमला
शकूर खान की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स (Twitter) पर लिखा, “राजस्थान में कांग्रेस मंत्री के पूर्व पीए शकूर खान पर ISI के लिए जासूसी करने के सबूत मिले हैं। वह सीमावर्ती इलाकों की जानकारी पाकिस्तानी अधिकारियों को देता था। बिना अनुमति कई बार पाकिस्तान भी गया। कांग्रेस के खून में ही पाकिस्तान-परस्ती है।”

Exit mobile version