नेशनल डेस्क: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पहलगाम आतंकी हमले पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुस्लिम समुदाय से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की नमाज़ (नमाज़-ए-जुम्मा) के दौरान सभी मुसलमान काली पट्टी बांधकर मस्जिद जाएं ताकि आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता और शांति का संदेश दिया जा सके।
ओवैसी ने अपील में क्या कहा?
ओवैसी ने अपनी अपील में कहा, “इससे हम यह संदेश देंगे कि हम भारतीय, विदेशी ताकतों को भारत के अमन और इत्तेहाद को कमजोर करने का मौका नहीं देंगे।” उन्होंने चेतावनी दी कि इस हमले के बाद “शर-पसंद ताकतें” कश्मीरी मुसलमानों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकती हैं, और ऐसे में सबका एक होकर दुश्मन की चाल को नाकाम करना बेहद जरूरी है।
एकजुट रहें, अमन और सौहार्द बनाए रखें
ओवैसी ने सभी भारतीयों से भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार की धार्मिक या सांप्रदायिक उकसावे की राजनीति से दूर रहें और एकजुट रहकर अमन और सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने कहा, “आतंकवाद का कोई मज़हब नहीं होता और इस तरह के कायराना हमले देश को बांटने के लिए किए जाते हैं।”
समाज में शांति बनाए रखने की अपील
AIMIM प्रमुख की यह अपील ऐसे समय में आई है जब पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की मौत के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया है और कश्मीर घाटी में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ओवैसी का कहना है कि इस मुश्किल घड़ी में सभी को मिलकर शांति और एकता का संदेश देना चाहिए।

