Site icon Dainik Savera Times

उर्वरक संयंत्र में हुआ गैस रिसाव, 3 लोगों की हुई मौत, 9 घायल

Gas Leak Fertilizer Plant Maharashtra

Gas Leak Fertilizer Plant Maharashtra

Gas Leak Fertilizer Plant Maharashtra : महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक उर्वरक संयंत्र के रिएक्टर में विस्फोट होने के बाद गैस रिसाव के कारण दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सांगली के कडेगांव तहसील के शालगांव एमआईडीसी स्थित म्यांमार केमिकल कंपनी में बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े छह बजे यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि उर्वरक संयंत्र के एक रिएक्टर में विस्फोट हो गया, जिससे रासायनिक धुंआ निकला।

कडेगांव पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक संग्राम शेवाले ने बताया, कि ‘संयंत्र में गैस रिसाव होने के कारण करीब 12 लोग प्रभावित हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो महिला कर्मचारियों और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई जबकि नौ लोगों का इलाज जारी है।’’ सांगली के पुलिस अधीक्षक संदीप घुगे ने बताया कि ऐसा संदेह है कि रिएक्टर में विस्फोट होने के बाद अमोनिया गैस का रिसाव हुआ।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सात घायलों को कराड के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें से पांच आईसीयू में भर्ती हैं। अधिकारी ने बताया कि मृतक महिलाओं की पहचान सांगली जिले के येतगांव की सुचिता उथल्ले (50) और सतारा जिले के मसूर की नीलम रेथरेकर (26) के रूप में हुई है।

Exit mobile version