अमृतसर: देशभर में गोवंश की तस्करी पर लगाम लगाने के प्रयासों के बीच एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें अमृतसर से मुंबई भेजे जा रहे 1200 किलो गोमांस को गुजरात के वडोदरा रेलवे स्टेशन पर जब्त किया गया। यह कार्रवाई रेलवे पुलिस, संयुक्त गौ रक्षा दल पंजाब और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की संयुक्त कोशिशों से संभव हो सकी।
-अमृतसर में बीफ तस्करी का पर्दाफाश
मिली जानकारी के अनुसार, ‘गोल्डन टेंपल मेल’ के अंतिम कोच में बड़ी मात्रा में मांस की संदिग्ध खेप मौजूद थी। पंजाब में सक्रिय गौ रक्षा दल के प्रमुख गुरप्रीत सिंह को इस बारे में पता चला, जिसके बाद उन्होंने गुजरात की नेहा पटेल को सतर्क किया। तत्परता दिखाते हुए नेहा ने वडोदरा डी-स्टाफ के कौशल गोंडालिया को अवगत कराया और 30 अप्रैल को ट्रेन से 16 बक्सों में भरकर भेजा गया मांस बरामद किया गया।
-1200 किलो गोमांस की हुई पुष्टि
रेलवे पुलिस को कार्रवाई के दौरान कई अड़चनों का सामना करना पड़ा। डिब्बे का दरवाजा खोलने में करीब 20 मिनट का समय लगा। जैसे ही दरवाजा खुला, तेज दुर्गंध ने संदेह को और पुख्ता कर दिया। जांच के लिए जब्त मांस को एफएसएल भेजा गया और रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि यह मांस गाय का था।
-अमृतसर के निवासी ने कराया था बुक
इस खेप को अमृतसर के निवासी विजय सिंह ने बुक कराया था और पार्सल में इसे ‘चिकन’ के रूप में दर्ज कराया गया था। मांस की यह सप्लाई मुंबई सेंट्रल के जाफर शब्बीर के नाम की गई थी। इस धोखाधड़ी और धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाले मामले में अब विजय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वडोदरा रेलवे पुलिस के अनुसार, मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि क्या इस तस्करी में कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित किया है कि सतर्कता और सूचना के सही उपयोग से ऐसे संवेदनशील मामलों पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सकता है
ये भी पढ़ें- ग्लोबल दबाव के बीच भी मजबूत रहा बाजार, आगे सुधार की संभावना

