Dainik Savera Times

नेपाल में Gen Z का विरोध प्रदर्शन तेज: PM केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में लगाई आग

काठमांडू: नेपाल में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जेनरेशन-जेड (Gen-Z) के नेतृत्व में शुरू हुआ विरोध आंदोलन अब और तेज हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने कई बड़े नेताओं और मंत्रियों के घरों पर हमले किए और कई जगहों पर हिंसा भड़क उठी। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बीते दिन से ही सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

नेपाल के गृह मंत्री, कृषि मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन को आग के हवाले कर दिया है। नेपाल के संसद परिसर में भारी भीड़ जुटी है। प्रदर्शनकारी यहां नारेबाजी और आगजनी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी पीएम ऑफिस में भी घुस गए है। संसद को प्रदर्शनकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया है।

प्रदर्शनकारियों के हमले

पहले के अपडेट के मुताबिक, इससे पहले प्रधानमंत्री ने मंगलवार शाम 6 बजे एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की थी।प्रदर्शनकारियों ने संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग के घर में आग लगा दी। उपप्रधानमंत्री और वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल तथा नेपाल राष्ट्र बैंक के गवर्नर बिस्वो पौडेल के घरों पर पथराव किया गया। पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक के घर पर भी हमला हुआ। भीड़ पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के घर तक पहुंची, लेकिन उन्हें हमला करने से रोक दिया गया। मुख्य विपक्षी नेता पुष्प कमल दहल (प्रचंड) के घर पर भी पथराव हुआ।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू में सुरक्षाबलों पर पथराव किया। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और कई जगहों पर लाठीचार्ज किया। हालात बिगड़ने के बाद काठमांडू, ललितपुर और कई जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया। कोशी प्रांत, बीरगंज, परसा और मकवानपुर में भी कर्फ्यू और सख्त सुरक्षा इंतज़ाम किए गए।

19 लोगों की मौत, बिगड़ते जा रहे हैं हालात

सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध के बीच प्रदर्शन के दौरान अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक घायल हुए हैं। सोमवार रात सरकार ने सोशल मीडिया से प्रतिबंध हटा लिया, लेकिन मंगलवार सुबह फिर से कर्फ्यू तोड़कर लोग सड़कों पर उतर आए। कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर हाईवे जाम कर दिया।

गृह मंत्री और कृषि मंत्री ने दिए इस्तीफे 

सरकार की दमनकारी नीति से नाराज़ होकर कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी ने इस्तीफा दे दिया। इससे पहले गृह मंत्री रमेश लेखक भी इस्तीफा दे चुके हैं। लगातार इस्तीफों से ओली सरकार पर दबाव और बढ़ गया है।

भारत की प्रतिक्रिया

भारतीय विदेश मंत्रालय ने नेपाल की स्थिति पर चिंता जताई है और वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मंत्रालय ने कहा कि नेपाल में मारे गए युवाओं की मौत पर उन्हें गहरा दुख है और वे सभी परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं।

Exit mobile version