इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की संभावनाओं के बीच एक नई विवादास्पद योजना की शुरुआत की है – जिसे उन्होंने नाम दिया है: गोल्ड कार्ड या ट्रंप कार्ड। यह योजना अब आधिकारिक रूप से “ओपन फॉर बिजनेस” हो गई है, और इच्छुक लोग अब वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
क्या है गोल्ड कार्ड स्कीम?
आपको बता दें कि ट्रंप की यह योजना ‘गोल्डन वीजा’ या इनवेस्टमेंट के बदले नागरिकता का वादा करती है। हालांकि, इसमें यह स्पष्ट किया गया है कि यह सीधी नागरिकता नहीं देती, बल्कि “नागरिकता तक का रास्ता” उपलब्ध कराती है। इस स्कीम में कोई कानूनी बदलाव या कांग्रेस की मंजूरी नहीं ली गई है, इसलिए यह अभी तक अमेरिकी इमिग्रेशन सिस्टम का आधिकारिक हिस्सा नहीं है।
$5 मिलियन से भी तुरंत नहीं मिलेगी नागरिकता
हालांकि, USA टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, भले ही कोई व्यक्ति एकमुश्त $5 मिलियन (लगभग ₹40 करोड़) देने को तैयार हो, फिर भी उसे तुरंत अमेरिकी नागरिकता नहीं दी जाएगी।
यह एक प्रतीक्षा सूची आधारित प्रक्रिया है, जिसमें नागरिकता की पात्रता या नियमों की अभी तक स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
कैसे करें आवेदन?
अगर आप भी आवेदन करना चाहते है तो trumpcard.gov वेबसाइट पर जाकर आप इस स्कीम के लिए आवेदन कर सकते हैं। वेबसाइट पर दिखने वाला गोल्ड कार्ड, ट्रंप के चेहरे की आकृति से सजा हुआ है।
आवेदन करते समय मांगी जा रही जानकारियाँ:
-आवेदक का पूरा नाम
-क्षेत्र (Region) – जैसे एशिया, यूरोप, अफ्रीका आदि
-Email Address
-आवेदन का प्रकार – व्यक्तिगत (Self) या व्यवसायिक (Business)
-वर्तमान देश
यह फॉर्म सिर्फ रुचि व्यक्त करने के लिए है, न कि कोई वैध इमिग्रेशन आवेदन।
किन क्षेत्रों से आवेदन लिए जा रहे हैं?
फॉर्म में इन 8 क्षेत्रों से विकल्प दिए गए हैं…
-यूरोप
-एशिया (मध्य पूर्व सहित)
-उत्तरी अमेरिका
-ओशिनिया
-मध्य अमेरिका
-दक्षिण अमेरिका
-कैरेबियन
-अफ्रीका
अब अमेरिका की नागरिकता कैसे मिलती है?
अमेरिकी नागरिक बनने का पारंपरिक तरीका है Naturalization – यानी कम से कम 5 वर्षों तक वैध स्थायी निवासी (Green Card होल्डर) रहना। नागरिकता के लिए आवश्यक शर्तें..
-कम से कम 18 वर्ष की आयु
-बुनियादी अंग्रेजी भाषा का ज्ञान
-अच्छा नैतिक चरित्र (Good Moral Character)
-अमेरिका में लगातार उपस्थिति और निवास
‘ग्रीन कार्ड जैसा, लेकिन और अधिक एलिगेंट‘
ट्रंप ने अपने “गोल्ड कार्ड” को ग्रीन कार्ड जैसा, लेकिन उससे कहीं ज्यादा “सोफिस्टिकेटेड” और स्टेटस सिंबोल बताया है। यह एक तरह का एक्सक्लूसिव मेंबरशिप कार्ड है, जिसे उन्होंने अपने नाम पर “Trump Card” का नाम दिया है।
क्या यह वाकई नागरिकता का रास्ता है या सिर्फ प्रचार?
फिलहाल, ट्रंप की यह स्कीम न तो अमेरिकी कानून का हिस्सा है, और न ही यह सरकारी इमिग्रेशन प्रक्रिया से जुड़ी कोई वैध योजना है। यह पूरी तरह से एक निजी और प्रचारात्मक पहल है, जिसे ट्रंप ब्रांड से जोड़ा गया है। इसलिए कोई भी आवेदन करने से पहले सावधानी और जानकारी की पुष्टि करना जरूरी है। यह स्कीम एक तरह से ट्रंप के राजनीतिक और व्यापारिक हितों का मिश्रण भी मानी जा रही है।

