Site icon Dainik Savera Times

रेल दुर्घटनाओं को लेकर कब जागेगी सरकार, जवाबदेही ऊपर से शुरू होती है: राहुल गांधी

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तमिलनाडु में हुए ट्रेन हादसे को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जवाबदेही शीर्ष स्तर से शुरू होती है तथा अनेक दुर्घटनाओं के बावजूद कोई सबक नहीं लिया गया। उन्होंने यह सवाल भी किया कि आखिर कितने परिवारों के तबाह होने के बाद यह सरकार जागेगी? तमिलनाडु के पोन्नेरी-कावरापेट्टई रेलवे स्टेशनों के बीच चेन्नई-गुडूर रेलखंड पर ट्रेन संख्या 12578 मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस की पीछे से एक मालगाड़ी से टक्कर हो गई। इस हादसे में 19 लोग घायल हुए हैं।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैसूर-दरभंगा ट्रेन दुर्घटना भयावह बालासोर दुर्घटना को प्रतिबिंबित करती है। एक यात्री ट्रेन एक मालगाड़ी से टकरा गई। अनेक दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान चले जाने के बावजूद कोई सबक नहीं लिया जाता। जवाबदेही सबसे ऊपर से शुरू होती है।’’ उन्होंने सवाल किया कि आखिर कितने परिवारों के तबाह होने के बाद यह सरकार जागेगी?।

Exit mobile version