Site icon Dainik Savera Times

गुजरात कांग्रेस के महासचिव राजेश सोनी गिरफ्तार, ऑपरेशन सिंदूर के बारे में विवादास्पद पोस्ट करने का आरोप

अहमदाबाद। कांग्रेस की गुजरात इकाई के महासचिव राजेश सोनी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित रूप से ‘भ्रामक’ एवं ‘मनोबल तोड़ने वाली’ सामग्री अपलोड करने को लेकर उनके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (सीआईडी-साइबर अपराध) भरत सिंह टांक ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बाद, राज्य सीआईडी के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में विवादास्पद पोस्ट करने को लेकर सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद, पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पिछले महीने यह ऑपरेशन शुरू किया गया था।

टांक ने बताया कि सोनी पर, फेसबुक पर गुमराह करने वाले पोस्ट कर रक्षा कर्मियों का मनोबल तोड़ने और भारत की संप्रभुता को खतरे में डालने के आरोप हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांग्रेस नेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्य) और 353 (1) (ए) (अशांति पैदा करने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version