Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘हरीश राव और संतोष राव हमारी पार्टी को बर्बाद करने की साजिश रच रहे’, BRS से निलंबन के बाद बोलीं कविता

September 3, 2025

‘हरीश राव और संतोष राव हमारी पार्टी को बर्बाद करने की साजिश रच रहे’, BRS से निलंबन के बाद बोलीं कविता

नेशनल डेस्क: भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के संस्थापक के. चंद्रशेखर राव (KCR) की बेटी और तेलंगाना जागृति की नेता के. कविता ने पार्टी से निलंबन के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बीआरएस नेताओं हरीश राव और संतोष राव पर आरोप लगाया कि वे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ मिलकर उनके परिवार और पार्टी को कमजोर करने की योजना बना रहे हैं। बीआरएस ने मंगलवार को कविता को “पार्टी विरोधी गतिविधियों” के आरोप में निलंबित कर दिया था। दरअसल, कविता ने हाल ही में हरीश राव और संतोष राव पर गंभीर आरोप लगाए थे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कविता ने क्या-क्या कहा

उन्होंने कहा कि वह बीआरएस से इस्तीफा दे रही हैं और एमएलसी पद भी छोड़ रही हैं। उन्होंने कहा, “मैंने बीआरएस का झंडा पहनकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ काम किया, फिर भी मुझे पार्टी विरोधी बताया गया।” कविता ने कहा, “रेवंत रेड्डी और हरीश राव ने हवाई जहाज में सफर के दौरान हमारे परिवार को बर्बाद करने की योजना बनाई। रेवंत रेड्डी को इसका जवाब देना चाहिए।” कविता ने कहा, “रेवंत रेड्डी ने मेरे पिता KCR और भाई KTR के खिलाफ केस दर्ज किए, लेकिन हरीश राव के खिलाफ कभी कुछ नहीं कहा।”

 

मैंने शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई 

कविता ने आगे आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों के दौरान हरीश राव ने KCR और KTR को हराने के लिए पैसे खर्च किए। कालेश्वरम परियोजना से जुड़े घोटाले की जिम्मेदारी भी हरीश राव और संतोष राव पर है, क्योंकि उस समय हरीश राव सिंचाई मंत्री थे। कविता ने कहा कि उन्होंने पहले भी अपने भाई और बीआरएस कार्यकारी अध्यक्ष KTR से शिकायत की थी कि पार्टी के ही कुछ नेता उनके और KCR के खिलाफ साजिश कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।


बताते चलें कि, 1 सितंबर को कविता ने तेलंगाना सरकार द्वारा कालेश्वरम परियोजना की CBI जांच कराने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने साफ कहा था कि KCR की छवि को जो नुकसान हुआ है, उसके लिए हरीश राव और संतोष राव जिम्मेदार हैं। इसी बयानबाजी के बाद, बीआरएस ने उन्हें पार्टी से निलंबित करने का फैसला लिया।

ये भी पढ़ें: Anti Corruption Bureau की बड़ी कार्रवाई: 40 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया सब-इंस्पेक्टर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें