Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana: देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने कांग्रेस छोड़ी, भाजपा में शामिल

March 28, 2024

Haryana: देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने कांग्रेस छोड़ी, भाजपा में शामिल

चंडीगढ़। हरियाणा की पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल कांग्रेस छोड़कर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं। कुछ दिन पहले ही उनके बेटे और उद्योगपति नवीन जिंदल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। सावित्री जिंदल (84) हिसार में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा में शामिल हुईं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अन्य भाजपा नेताओं की उपस्थिति में सावित्री भाजपा में शामिल हुईं।

सावित्री ने बुधवार देर रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की। उन्होंने हिंदी में पोस्ट कर कहा, ‘‘मैंने एक विधायक के रूप में 10 वर्ष तक हिसार के लोगों का प्रतिनिधित्व किया और एक मंत्री के रूप में निस्वार्थ भाव से हरियाणा राज्य की सेवा की है। हिसार के लोग मेरा परिवार हैं और अपने परिवार की सलाह पर, मैं आज कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं।’’ ‘फोर्ब्स इंडिया’ पत्रिका ने इस साल देश की सर्वाधिक अमीर महिलाओं की सूची में सावित्री जिंदल का नाम शामिल किया था। पत्रिका के अनुसार, प्रसिद्ध उद्योगपति और हरियाणा के पूर्व मंत्री ओ पी जिंदल की पत्नी सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 29.1 अरब डॉलर है।

हरियाणा में कांग्रेस की पूर्ववर्ती भूपिंदर हुड्डा सरकार में सावित्री जिंदल मंत्री थीं। वर्ष 2014 के चुनाव में सावित्री हिसार सीट पर भाजपा के डॉ कमल गुप्ता से हार गई थीं। गुप्ता वर्तमान में नायब सिंह सैनी सरकार में मंत्री हैं। सावित्री जिंदल के बेटे और उद्योगपति नवीन जिंदल कांग्रेस छोड़कर रविवार को भाजपा में शामिल हुए। नवीन को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कुरूक्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया है। वर्ष 2004 से 2014 तक कांग्रेस सांसद के तौर पर कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके नवीन जिंदल ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के एजेंडा में योगदान देना चाहते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें