Site icon Dainik Savera Times

HDB Financial Services : कल ओपन होगा HDB फाइनेंशियल का IPO… जानिए निवेशकों को कैसे हो सकता है नुकसान

नेशनल डेस्क : HDB फाइनेंशियल सर्विसेज, जो HDFC बैंक की सब्सिडियरी है, 25 जून 2025 को अपना इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च कर रही है। यह एक बड़ा इश्यू है जिसका कुल आकार करीब 12,500 करोड़ रुपये का है। इस IPO में निवेशक 27 जून तक आवेदन कर सकते हैं। आइए जानत है इस खबर को विस्तार से…

पुराने निवेशकों को हो सकता है बड़ा नुकसान

दरअसल, कंपनी ने 19 जून 2025 को जो Red Herring Prospectus (RHP) दाखिल किया, उससे एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। कंपनी में पहले से निवेश किए हुए 49,553 निवेशक अब घाटे में हैं। इन्होंने जब HDB के शेयर अनलिस्टेड मार्केट से खरीदे थे, तब कीमत ₹1,200 से ₹1,350 प्रति शेयर थी। अब IPO की कीमत सिर्फ ₹700 से ₹740 प्रति शेयर के बीच तय की गई है। इसका मतलब है कि इन पुराने निवेशकों को 38% से 48% तक का नुकसान झेलना पड़ सकता है।

करोड़ों रुपये का लग सकता है झटका

मान लीजिए किसी निवेशक ने 1 करोड़ शेयर ₹1,250 प्रति शेयर की दर से खरीदे थे, तो उसका कुल निवेश हुआ 1,250 करोड़ रुपये। अब अगर शेयर का दाम IPO के बाद ₹740 रह जाता है, तो उसकी वैल्यू घटकर 740 करोड़ रुपये रह जाएगी। इस हिसाब से एक व्यक्ति को अकेले 510 करोड़ रुपये तक का घाटा हो सकता है। यह नुकसान उन सभी पुराने निवेशकों के लिए बड़ा झटका होगा, जिन्होंने HDB में ऊंचे दाम पर निवेश किया था।

IPO में क्या शामिल है?

इस IPO में दो हिस्से हैं…

-₹2,500 करोड़ का फ्रेश इश्यू – यानी ये पैसे कंपनी में नए तौर पर आएंगे।

-₹10,000 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) – इसमें HDFC बैंक अपनी हिस्सेदारी बेच रहा है।

OFS के तहत HDFC बैंक 13.51 करोड़ शेयर बेच रहा है, जिसे उसने पहले ₹46.4 प्रति शेयर की कीमत पर खरीदा था। अब अगर IPO ₹740 पर लिस्ट होता है, तो HDFC बैंक को करीब ₹9,373 करोड़ (टैक्स से पहले) का फायदा होगा।

RBI के नियम के कारण आ रहा है IPO

इस IPO के पीछे एक बड़ा कारण RBI की गाइडलाइन है। RBI के अक्टूबर 2022 के सर्कुलर के मुताबिक, जो NBFCs “Upper Layer” की कैटेगरी में आती हैं, उनके लिए सितंबर 2025 तक शेयर बाजार में लिस्ट होना जरूरी है। HDB भी उन्हीं कंपनियों में से एक है, इसलिए यह IPO जरूरी हो गया है। HDB फाइनेंशियल का IPO देश के सबसे बड़े IPO में से एक हो सकता है।

लेकिन इसमें निवेश करने से पहले जरूरी है कि निवेशक ये समझें कि IPO की कीमत पुराने निवेशकों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। नए निवेशकों को यह मूल्य आकर्षक लग सकता है, क्योंकि HDFC बैंक को बड़े मुनाफे की उम्मीद है। लेकिन जोखिम भी है – कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन, ग्रोथ और भविष्य की योजना देखे बिना निवेश करना नुकसानदायक हो सकता है।

Exit mobile version