IMD Alert : नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को झुलसाने वाली गर्मी के बाद शाम को अचानक मौसम ने करवट बदल लिया। कई इलाकों में आंधी के बाद झमाझम बारिश हो रही है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं मिली जानकारी के अनुसार कई इलाकों में पेड़ गिरने की खबर सामने आई है।
देश के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR सहित अन्य उत्तर भारत के राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया था। आज सुबह से दिल्ली में बहुत गर्म और उमस भरा मौसम रहा है। लोग पसीने-पसीने हो गए हैं। दिल्ली के साथ-साथ गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी गर्मी का यही हाल था।
दिल्ली के आस-पास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि अगले 1-2 घंटे में तूफान आ सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर के अंदर रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पूर्व दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है और 30-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
तेज हवाओं और बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत
तेज हवा और हल्की बारिश की वजह से दिल्ली के लोग गर्मी से राहत महसूस करेंगे। मौसम थोड़ा ठंडा और सुहावना हो सकता है।
दिल्ली में मई 2025 सबसे ज़्यादा बारिश वाला महीना
इस बार मई का महीना 1901 के बाद सबसे ज्यादा बारिश वाला बन गया है। हाल के दिनों में तेज बारिश और आंधियों के कारण सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक में दिक्कत आई, लेकिन इससे गर्मी में राहत भी मिली है।
उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी तूफान का असर
IMD के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है (ऑरेंज अलर्ट जारी)। जम्मू-कश्मीर में भी इसी तरह का मौसम हो सकता है।
क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
- घर के अंदर ही रहें
- बिजली के उपकरणों को अनप्लग कर दें
- पेड़ों या धातु की वस्तुओं के पास न जाएँ
- पिछले तूफानों में पेड़ उखड़ने और बिजली कटने जैसी घटनाएं हुई थीं, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।
दिल्ली की नगर पालिका और पुलिस तैयार
दिल्ली पुलिस और नगर निगम को कहा गया है कि वे जलभराव और ट्रैफिक की दिक्कतों से निपटने के लिए तैयार रहें ताकि आम लोगों को ज्यादा परेशानी न हो।
एयर क्वालिटी में सुधार की उम्मीद
बारिश से न सिर्फ गर्मी कम होगी, बल्कि इससे हवा की गुणवत्ता (AQI) भी बेहतर हो सकती है। अभी दिल्ली का AQI “मध्यम” है, लेकिन बारिश से प्रदूषण कम हो सकता है।
31 मई तक रहेगा मौसम का यही हाल
IMD का कहना है कि 31 मई तक बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कल यानी 30 मई को भी हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।

