इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर भारत ने रूस के साथ तेल का व्यापार बंद नहीं किया, तो अमेरिका भारत पर भारी टैरिफ (आयात शुल्क) लगाएगा। ट्रंप ने कहा कि अगले 24 घंटे में भारत पर लगने वाले टैरिफ को और बढ़ाया जाएगा।
भारत के टैरिफ दुनिया में सबसे ज्यादा
ट्रंप का कहना है कि भारत रूस से बड़ी मात्रा में तेल खरीद रहा है और उसे ऊंचे दामों पर बेचकर फायदा भी कमा रहा है। इससे रूस को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में मदद मिल रही है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि भारत को इस बात की कोई परवाह नहीं है कि रूस की इस जंग में कितने लोगों की जान जा रही है।
ट्रंप ने कहा कि भारत के टैरिफ दुनिया में सबसे ज्यादा हैं, और अमेरिका के साथ व्यापार में भारत को ज्यादा फायदा होता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका भारत से माल मंगवाता है, लेकिन भारत अमेरिका से उतना व्यापार नहीं करता।
पहले भी दी थी टैरिफ की धमकी
ट्रंप पहले भी भारत समेत कई देशों पर टैरिफ लगाने की बात कर चुके हैं। अप्रैल में उन्होंने उन सभी देशों पर 10 से 50 फीसदी तक आयात शुल्क लगाने की घोषणा की थी, जिनके साथ अमेरिका का व्यापार घाटा है। ट्रंप ने इसे “राष्ट्रीय आपातकाल” बताते हुए 1977 के कानून का हवाला दिया था। हालांकि, उस समय उन्होंने 90 दिनों के लिए शुल्क लगाने को टाल दिया था ताकि देशों को बातचीत का मौका मिल सके। कई देशों ने बातचीत कर अमेरिका से समझौता कर लिया था।
क्या है टैरिफ का असर?
अगर अमेरिका भारत पर टैरिफ बढ़ाता है, तो भारत से अमेरिका को होने वाला निर्यात महंगा हो जाएगा। इससे भारतीय कंपनियों को नुकसान हो सकता है और भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में तनाव आ सकता है।

