Site icon Dainik Savera Times

Himachal Cloudburst : चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग के मंडी-पंडोह हिस्से पर यातायात बहाल 

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण अवरुद्ध हुए चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से पर यातायात बहाल कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात हुई बारिश के कारण भूस्खलन होने से मंडी और पंडोह के बीच का मार्ग अवरुद्ध हो गया था। उन्होंने बताया कि सड़क के इस हिस्से से मलबा हटाकर इसे खोलने में 10 घंटे का समय लगा। भूस्खलन होने के कारण सड़क पर पत्थर और मलबा बिखरा हुआ था, जिसके कारण प्रशासन ने हल्के वाहनों को कटौला और गोहर के रास्ते जाने के लिए कहा।

सड़क पर अभी भी बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा पंडोह और औट के बीच क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यातायात एक तरफ ही सीमित कर दिया गया था। थुनाग के पास मंडी-जंजैहली मार्ग और कुमारहड़ा के पास मंडी-धर्मपुर मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। मंडी प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा करने से पहले सड़क की स्थिति के साथ-साथ मौसम का भी ध्यान रखने के लिए कहा।

राज्य में 99वें सड़कें अवरुद्ध
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार शाम भारी बारिश के बाद कुल 115 सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया है। मंडी में 46, कुल्लू में 38, शिमला में 15, कांगड़ा और सिरमौर में छह-छह, किन्नौर में तीन और लाहौल और स्पीति में एक सड़क अवरुद्ध हो गई है।
Exit mobile version