
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
कार और ट्रैक्टर में हुईं जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार इको कार दादरी से आ रही थी और वह पहासू व खुर्जा की तरफ जा रही थी। रास्ते में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, जो प्लास्टिक के पाइप से भरी हुई थी, उसके आगे चल रही थी। अचानक ट्रॉली का टायर फट गया, और तेज रफ्तार कार सीधे जाकर उससे टकरा गई।
मौके पर राहत और बचाव कार्य
हादसा सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुआ। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव अंदर ही फंसे रह गए। एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के कर्मचारियों और पुलिस की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी मृतकों का पंचनामा भर कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे को देखने आया स्कूटी सवार भी चपेट में
जब लोग इस दुर्घटना को देखने के लिए वहां इकट्ठा हो रहे थे, तभी एक स्कूटी सवार को तेज रफ्तार मारुति बलेनो ने टक्कर मार दी। यह घटना भी बेहद खतरनाक थी। स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे भी तत्काल अस्पताल ले जाया गया।