Rajasthan Road Accident: राजस्थान के राजसमंद जिले में शनिवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। आपको बता दें कि इस दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य कई लोग घायल हो गए है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
निजी बस अनियंत्रित होकर पलटी
यह दुर्घटना कांकरोली थाना क्षेत्र के भावा बस स्टैंड के पास हुई, जब अहमदाबाद से भीलवाड़ा जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि चालक को नींद आ जाने के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
तीन लोगों की मौके पर ही हुई मौत
दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी आरके अस्पताल ले जाया गया, जहां दो लोगों को गंभीर हालत के कारण उदयपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज आरके अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बस कंपनी और चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज
कांकरोली पुलिस स्टेशन के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई। उस समय सड़क पर यातायात सामान्य था। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है तथा उनकी पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। दुर्घटना के बाद बस कंपनी और चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और बचावदल
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज गति से आ रही थी और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की खराब हालत और चालकों की लापरवाही दुर्घटना का कारण है।
इससे पहले 16 अप्रैल को राजसमंद जिले के देलवाड़ा थाना क्षेत्र के मजेरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसमें 37 लोग घायल हो गए थे।