TVS showroom fire : केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के पीएमजी पट्टम इलाके में शनिवार तड़के एक टीवीएस दोपहिया वाहन शोरूम में भीषण आग लग गई। इस हादसे में शोरूम के पहली मंजिल पर रखे कई वाहन जलकर खाक हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अग्निशमन एवं बचाव सेवा अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना तड़के करीब 4 बजे मिली, जिसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग पर काबू पाने में लगभग ढाई घंटे लगे और सुबह करीब 6:30 बजे आग बुझा दी गई।
शोरूम के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि उसने तड़के करीब 3:45 बजे इमारत के पीछे की ओर से तेज आवाजें सुनीं और धुआं उठता देखा। गार्ड ने तुरंत पास के एक चर्च में जाकर वहां के चौकीदार की मदद से अग्निशमन सेवा को सूचित किया।
अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं।

