Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोहे की होर्डिंग से टकराई Humsafar Express, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा

June 23, 2025

लोहे की होर्डिंग से टकराई Humsafar Express, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा

नेशनल डेस्क :  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। मल्हौर रेलवे स्टेशन के पास एक सुपरफास्ट ट्रेन एक लोहे की होर्डिंग से टकरा गई। हालांकि, ट्रेन के ड्राइवर की सतर्कता और समझदारी की वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन के रुकते ही ड्राइवर ने इस घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी, जिसके बाद लोहे की होर्डिंग को ट्रैक से हटाया गया और ट्रेन ने आगे की यात्रा शुरू की। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

जानबूझकर की गई थी साजिश?

आपको बता दें कि इस घटना ने सबको हैरान कर दिया क्योंकि यह कोई आम दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, लोहे की यह ग्रिल जानबूझकर ट्रैक पर रखी गई थी। ट्रेन नंबर 12572 आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस जब लखनऊ के दिलकुशा और मल्हौर स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, तब यह घटना हुई। घटना रविवार तड़के करीब 3:40 बजे की है।

ड्राइवर की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

इस पूरी घटना में ट्रेन ड्राइवर की सतर्कता और सूझबूझ की सभी तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने समय रहते ट्रैक पर रखी गई लोहे की ग्रिल को देख लिया और ट्रेन की रफ्तार कम कर दी, जिससे ट्रेन पटरी से उतरने से बच गई। अगर स्पीड तेज होती, तो यह घटना किसी बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी।

पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू

घटना के तुरंत बाद रेलवे पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मामले की FIR गोमतीनगर थाने में दर्ज कर ली है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश के पीछे कौन लोग हैं और उनकी मंशा क्या थी। इसके लिए आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है कि यूपी में इस तरह की साजिश हुई हो। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रकार की यह 8वीं घटना है, जब रेलवे ट्रैक को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। यह ट्रेनों की सुरक्षा और यात्रियों की जान के लिए एक गंभीर खतरा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अधिकारियों का बयान

रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि 22 जून की रात 3:40 बजे लखनऊ कंट्रोल रूम को सूचना दी गई थी कि ट्रैक पर लोहे की एक होर्डिंगनुमा संरचना (structure) रखी गई है, जिससे हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन टकरा गई थी। हालांकि ट्रेन को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक माना जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर खड़े हुए सवाल

इस घटना ने एक बार फिर से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में जरूरी है कि रेलवे ट्रैक्स की निगरानी और CCTV व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी साजिश या खतरे को समय रहते रोका जा सके। ट्रेन ड्राइवर की सतर्कता ने कई लोगों की जान बचा ली, लेकिन अगर यह अनदेखी रह जाती, तो परिणाम भयंकर हो सकते थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें