Site icon Dainik Savera Times

भारत के एक्शन से खौफ में पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड! गिड़गिड़ाते हुए बोला- मैंने कुछ नहीं किया

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोग मारे गए और 20 लोग घायल हुए। इस हमले में इस्लामिक आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया। आतंकियों ने पहले पर्यटकों से उनका धर्म पूछा और जब यह पता चला कि वे हिंदू थे, तो उन्होंने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) से जुड़ी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली है। भारत ने इस हमले का कड़ा जवाब देने की बात कही है और इसका असर पाकिस्तान पर भी दिखाई दे रहा है।

भारत मुझ पर झूठे आरोप लगा रहा- सैफुल्लाह 
पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी (Saifullah Kasuri) को बताया जा रहा है, जो लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ है और हाफिज सईद का करीबी है। हमले के बाद, सैफुल्लाह का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह कह रहा है, “मैंने कुछ नहीं किया। भारत मुझ पर और पाकिस्तान पर इस हमले का झूठा आरोप लगा रहा है।” लेकिन सैफुल्लाह की यह सफाई लोगों को ज्यादा प्रभावित नहीं कर पाई, क्योंकि भारत सरकार ने साफ कर दिया है कि वह इस हमले में मारे गए निर्दोषों के हत्यारों को माफ नहीं करेगी और उनसे जवाब लिया जाएगा।

सैफुल्लाह ने पहले दी थी धमकी
पहलगाम हमले से ठीक चार दिन पहले, 18 अप्रैल को सैफुल्लाह ने पीओके के रावलकोट में एक रैली को संबोधित करते हुए भारत, पीएम मोदी और हिंदुओं के खिलाफ जहर उगला था। उसने कश्मीर में जिहाद फैलाने और कत्लेआम मचाने की धमकी दी थी।

भारत ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने के लिए कुछ अहम फैसले लिए हैं:

1. सिंधु जल समझौता रोक दिया
भारत ने पाकिस्तान के साथ 1960 से चल रहे सिंधु जल समझौते पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है, जिससे पाकिस्तान में पानी की बड़ी समस्या पैदा हो सकती है।
2. अटारी चेक पोस्ट बंद
भारत ने अटारी चेक पोस्ट को बंद कर दिया है और 1 मई तक बॉर्डर पार करने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को वापस लौटने के लिए कहा है।
3. वीज़ा पर रोक
भारत ने पाकिस्तान के नागरिकों को वीज़ा देने पर रोक लगा दी है और पहले दिए गए वीज़ा को रद्द कर दिया है।
4. पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारियों पर कार्रवाई
दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के सैन्य, नौसेना और वायु सलाहकारों को अवांछित व्यक्ति घोषित किया गया है, और उन्हें एक सप्ताह में भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।
5. उच्चायोगों की संख्या में कटौती
भारत ने उच्चायोगों की संख्या को घटाकर 30 करने का निर्णय लिया है, जो 1 मई, 2025 तक लागू होगा।

भारत का मजबूत संदेश
भारत ने पाकिस्तान को यह साफ संदेश दिया है कि इस हमले के बाद वह किसी भी आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा और पाकिस्तान से कड़े कदम उठाने में संकोच नहीं करेगा। पाकिस्तान में अब यह संदेश पहुंच चुका है कि भारत इस हमले का बदला जरूर लेगा।

आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाएंगे- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि पहलगाम में जिस तरह से आतंकियों ने निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाया, वह केवल एक हमला नहीं था, बल्कि यह हमारे देश की आत्मा पर हमला करने जैसा था। उन्होंने यह भी कहा, “जो लोग इस हमले में शामिल थे, उन्हें बहुत बड़ी सजा मिलेगी, जो उनकी कल्पना से भी ज्यादा होगी।” पीएम मोदी ने दृढ़ निश्चय से कहा, “अब समय आ गया है कि आतंकवादियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिला दिया जाए। हम 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति के साथ आतंकवाद के आकाओं की कमर तोड़कर ही रहेंगे।”

Exit mobile version