Site icon Dainik Savera Times

‘हमले के बाद मैं सदमे में थी’, खुद पर हुए अटैक पर सीएम रेखा गुप्ता का पहला बयान

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह जन सुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद उनका पहला बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने इसे केवल अपने ऊपर हमला नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को हल करने की उनकी प्रतिबद्धता पर एक “कायराना कोशिश” बताया है। उन्होंने कहा कि इस हमले के बाद वह सदमे में थीं, लेकिन अब बेहतर महसूस कर रही हैं और जल्द ही जनता की सेवा में वापस लौटेंगी।

हमले के बाद मैं सदमे में थी: सीएम रेखा गुप्ता

सीएम रेखा गुप्ता ने अपने आधिकारिक ट्विटर (अब एक्स) हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा, “आज सुबह जन सुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला केवल मेरे ऊपर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के हमारे संकल्प पर किया गया एक कायराना प्रयास है। स्वाभाविक है कि इस हमले के बाद मैं सदमे में थी, परंतु अब बेहतर महसूस कर रही हूं। मैं अपने सभी शुभचिंतकों से निवेदन करती हूं कि कृपया मुझसे मिलने के लिए परेशान न हों। मैं बहुत जल्द ही आपके बीच काम करती हुई दिखाई दूंगी।”

उन्होंने आगे लिखा, “ऐसे हमले मेरे हौसले और जनता की सेवा के संकल्प को कभी तोड़ नहीं सकते। अब मैं पहले से कहीं अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ आपके बीच रहूंगी। जनसुनवाई और जनता की समस्याओं का समाधान पहले की तरह ही गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा। आपका विश्वास और समर्थन ही मेरी सबसे बड़ी ताक़त है। आपके अपार स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।”

आरोपी ने कैसे दिया घटना को अंजाम?

बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने “जन सुनवाई” कार्यक्रम में जनता की शिकायतें सुन रही थीं। माहौल सामान्य था और लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तभी राजेशभाई खिमजी नामक व्यक्ति फाइलें लेकर सीएम के पास पहुंचा। शुरुआत में वह आम शिकायतकर्ता जैसा दिखा, लेकिन अचानक उसने सीएम का हाथ पकड़ने की कोशिश की और उन्हें धक्का देकर गिराने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। माहौल में अफरातफरी मच गई। जनसुनवाई में आए कुछ लोगों ने दावा किया कि सीएम को थप्पड़ मारा गया, हालांकि पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया कि मामला धक्का-मुक्की और हाथ पकड़ने तक ही सीमित था। वहीं, आरोपी राजेश खिमजी के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version