Site icon Dainik Savera Times

Operation Sindoor में IAF ने दिखाई अपनी ताकत, दुश्मन भी हुए हैरान… जारी किया नया VIDEO

नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति और बढ़ गई है। इस हमले के जवाब में भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत की है। यह ऑपरेशन आतंक के खिलाफ भारत के निर्णायक रवैये का प्रतीक बन चुका है। वहीं भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर का एक नया वीडियो जारी किया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

भारतीय वायु सेना का शौर्य – वीडियो जारी

आपको बता दें कि इस पूरे अभियान के बीच, भारतीय वायु सेना ने एक प्रेरणादायक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में वायु सेना के वीर जवान आसमान में अपने शौर्य, साहस और रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो का संदेश बिल्कुल साफ है — भारत के वायु वीरों को कोई रोक नहीं सकता, और उनकी ताकत की तुलना किसी से नहीं की जा सकती।

ऑपरेशन सिंदूर: आतंकियों पर सर्जिकल स्ट्राइक

भारत ने 6-7 मई की रात, पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में आतंकियों के 9 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इस ऑपरेशन में कई आतंकवादी मारे गए। भारत ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पाकिस्तान की सेना या आम नागरिकों के खिलाफ नहीं, बल्कि सिर्फ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर की गई थी। इस सटीक और योजनाबद्ध कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है, जो भारत के संकल्प और जवाबी क्षमता को दर्शाता है।

पाकिस्तान को सख्त चेतावनी

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा “अगर पाकिस्तान अपने यहां आतंकवादियों को पनाह देना बंद नहीं करता, तो उसे आगे और बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।”उन्होंने आगे कहा “टेरर और टॉक साथ नहीं चल सकते।” “टेरर और ट्रेड एक साथ नहीं हो सकते।” “पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते।”

भारत का रुख स्पष्ट: आतंक के खिलाफ ‘नो टॉलरेंस’

इस ऑपरेशन के बाद पीएम मोदी ने यह साफ कर दिया कि अगर पाकिस्तान से बातचीत होगी तो केवल आतंकवाद पर होगी और अगर बातचीत होगी तो पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) पर ही होगी। भारत ने इस ऑपरेशन और उसके बाद दिए गए बयानों से यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अब आतंकवाद के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगा। भारत का रुख अब पहले से कहीं अधिक सख्त, स्पष्ट और आक्रामक है।

Exit mobile version