Dainik Savera Times

‘टीम इंडिया की तरह काम करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं’, नीति आयोग की मीटिंग में बोले पीएम मोदी

If we work like Team India no goal impossible PM Modi NITI Aayog

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि अगर केंद्र सरकार और राज्य मिलकर टीम इंडिया की तरह काम करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। यह बयान उन्होंने नीति आयोग की 10वीं शाषी परिषद की बैठक में दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल के सभी सदस्य, मुख्यमंत्री, केंद्रशासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। यह बैठक नई दिल्ली में शुरू हुई, और इसका विषय “2047 में विकसित भारत के लिए विकसित राज्य” है। यह बैठक पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद प्रधानमंत्री मोदी के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ पहली बड़ी बैठक थी।

विकसित भारत हर भारतीय का सपना
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “विकसित भारत हर भारतीय का सपना है। जब हर राज्य विकसित होगा तो भारत भी विकसित होगा। यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षा है।” उन्होंने यह भी कहा कि हर राज्य को अपनी ज़िम्मेदारी समझनी चाहिए और अपनी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ कम से कम एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन विकसित करना चाहिए। पीएम ने “एक राज्य: एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन” का लक्ष्य तय करने की बात की, ताकि आसपास के शहरों के विकास को भी बढ़ावा मिले।

शहरीकरण की दिशा में काम करने की जरूरत
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बैठक में भारत में तेजी से हो रहे शहरीकरण पर भी बात की। उन्होंने कहा, “भारत में तेजी से शहरीकरण हो रहा है और हमें भविष्य के लिए तैयार शहरों की दिशा में काम करना चाहिए। विकास, नवाचार और स्थिरता हमारे शहरों के विकास के इंजन होने चाहिए।” उन्होंने राज्यों से यह भी आग्रह किया कि वे राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए साहसिक और दीर्घकालिक ‘विज़न डॉक्युमेंट’ तैयार करें, जिसमें समयबद्ध लक्ष्य तय किए जाएं।

Exit mobile version