Dainik Savera Times

IND Vs ENG: इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान बने शुभमन गिल, सचिन और कोहली को पीछे छोड़ा

खेल डेस्क: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में जबरदस्त पारी खेलते हुए दोहरा शतक लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक है और खास बात यह रही कि गिल इंग्लैंड की धरती पर दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 311 गेंदों में पूरी की। इस अचीवमेंट के साथ ही गिल ने सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।

जडेजा के साथ मजबूत साझेदारी

भारत ने मैच के दूसरे दिन 310/5 से अपनी पारी आगे बढ़ाई। इसके बाद शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा ने छठे विकेट के लिए शानदार 203 रनों की साझेदारी की। जडेजा भले ही अपने शतक से चूक गए और 89 रन पर आउट हो गए, लेकिन गिल पूरी मजबूती से डटे रहे और दोहरा शतक पूरा किया। यह साझेदारी इंग्लैंड के खिलाफ भारत की छठे या उससे नीचे के विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। इससे पहले 2022 में एजबेस्टन में ही ऋषभ पंत और जडेजा ने 222 रनों की साझेदारी की थी।

गिल ने सचिन और कोहली को पीछे छोड़ा

शुभमन गिल टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के दूसरे सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 25 साल और 298 दिन की उम्र में हासिल की। उनसे पहले सबसे युवा कप्तान थे मंसूर अली खान पटौदी, जिन्होंने 1964 में इंग्लैंड के खिलाफ ही 23 साल 39 दिन की उम्र में दोहरा शतक जड़ा था।

गिल ने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। सचिन ने 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 26 साल 189 दिन की उम्र में और कोहली ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 साल 260 दिन की उम्र में कप्तान रहते हुए दोहरा शतक जड़ा था। गिल की इस शानदार पारी के चलते भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा किया और मैच में मजबूत स्थिति बना ली है।

Exit mobile version