भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज खेला गया। जिम्बाब्वे ने मारुमानी और मधवेरे की 63 रनों की साझेदारी के दम पर 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की नाबाद साझेदारी की बदौलत 15.2 ओवर में 156 रन बनाए और 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
भारत ने 10 विकेट से जीता मैच:-
भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला शनिवार को खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 10 विकेट से हराकर सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस सीरीज का अंतिम मुकाबला रविवार (14 जुलाई) को खेला जाएगा।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर मेजबानों को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। जिम्बाब्वे ने मारुमानी और मधवेरे की 63 रनों की साझेदारी के दम पर 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की नाबाद साझेदारी की बदौलत 15.2 ओवर में 156 रन बनाए और 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
गिल-जायसवाल की मैच जिताऊ साझेदारी:-
153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने विस्फोटक प्रदर्शन किया। दोनों ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाए। जायसवाल ने 29 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया जबकि गिल ने अपने अर्धशतक को पूरा करने के लिए 35 गेंदों का सहारा लिया। दोनों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की क्लास लगाते हुए इस मुकाबले को 28 गेंदों के शेष रहते खत्म कर दिया। इस मैच में जायसवाल 53 गेंदों में 13 चौके और दो छक्कों की मदद से 93 रन बनाने में कामयाब हुए। वहीं, गिल ने 39 गेंदों में 58 रन बनाए। दोनों इस मैच में नाबाद रहे।
जिम्बाब्वे ने भारत के सामने रखा 153 रन का लक्ष्य:-
भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाए हैं। जिम्बाब्वे के लिए पहले बल्लेबाजी करने उतरे मधवेरे और मारुमानी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 63 रनों की विशाल साझेदारी हुई जिसे अभिषेक ने नौवें ओवर में तोड़ा। उन्होंने मारुमानी को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, मधवेरे 25 रन बनाकर आउट हुए। टीम को तीसरा झटका ब्रायन बेनेट के रूप में लगा जो सिर्फ नौ रन बना पाए। इसके बाद मोर्चा सिकंदर रजा ने संभालने की कोशिश की। हालांकि, जिम्बाब्वे का बल्लेबाज ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक पाए। कैंपबेल तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद टीम को पांचवां झटका कप्तान रजा के रूप में लगा जो 28 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए। दिलचस्प बात यह है कि इस मुकाबले में डेब्यू कर रहे तुषार देशपांडे ने उन्हें आउट किया। रजा के रूप में उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पहली सफलता मिली। इस मैच में मायर्स ने 12, मदांडे ने सात और अकरम ने चार (नाबाद) रन बनाए। भारत के लिए खलील अहमद ने दो विकेट चटकाए जबकि देशपांडे, सुंदर, अभिषेक और शिवम को एक-एक विकेट मिला।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:-
भारत: यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे, खलील अहमद।
जिम्बाब्वे: वेस्ले मधेवेरे, तदिवनाशे मारुमानी, ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), जॉनथन कैंपबेल, फराज अकरम, क्लाइव मदांडे (विकेटकीपर), रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़रबानी, तेंदई चतारा।

