Site icon Dainik Savera Times

‘भारत परमाणु धमकियों से डरने वाला नहीं’, असीम मुनीर को विदेश मंत्रालय का कड़ा जवाब

नई दिल्ली: पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की अमेरिका यात्रा के दौरान भारत को परमाणु हमले की धमकी पर भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय ने कहा कि परमाणु हथियार लहराना पाकिस्तान की पुरानी आदत बन चुकी है, जो उसकी गैर-जिम्मेदार परमाणु नीति को उजागर करता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साफ किया कि, “भारत इस तरह की परमाणु ब्लैकमेलिंग के आगे कभी नहीं झुकेगा और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाता रहेगा।”

भारत ने हमला किया तो आधी दुनिया तबाह हो जाएगी

जनरल असीम मुनीर ने अमेरिका के टैम्पा में पाकिस्तानी-अमेरिकी समुदाय के साथ बातचीत में कहा, ”अगर भारत से भविष्य में टकराव होता है और पाकिस्तान को “अस्तित्व का खतरा” हुआ, तो इस क्षेत्र को परमाणु युद्ध में झोंक दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “लगभग आधी दुनिया तबाह हो जाएगी।” अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाना जारी रखता है, तो पाकिस्तान “हर कीमत पर” अपने जल अधिकारों की रक्षा करेगा।”

भारत का दो टूक जवाब

भारत ने कहा कि पाकिस्तान जैसे देश, जहां सेना आतंकी संगठनों से मिली हुई है, वहां से परमाणु युद्ध की बात करना बहुत खतरनाक संकेत है। इस तरह की धमकियां दुनिया के सामने यह दिखाती हैं कि पाकिस्तान की परमाणु नीति और नियंत्रण प्रणाली में कितनी गैर-जिम्मेदारी है।

कश्मीर और सिंधु मुद्दे पर फिर भड़के मुनीर

मुनीर ने कश्मीर को पाकिस्तान की “गले की नस” बताया और कहा कि यह भारत का आंतरिक मामला नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “जब भारत सिंधु नदी पर बांध बनाएगा, तो हम उसे नष्ट कर देंगे।” मुनीर ने कहा कि सिंधु नदी कोई भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है, और पाकिस्तान के पास भारत को रोकने के “संसाधनों की कोई कमी नहीं” है।

कश्मीर भारत का अभिन्न अंग भारत

भारत ने दोहराया है कि “कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और पाकिस्तान का इससे एकमात्र रिश्ता उस हिस्से को खाली करना है जिस पर वह अवैध कब्जा जमाए बैठा है।”

अमेरिका में पाक सेना प्रमुख के कार्यक्रम

जनरल मुनीर ने अमेरिका में सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांड परिवर्तन समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने अमेरिकी रक्षा अधिकारियों और अन्य मित्र देशों के सैन्य प्रमुखों से मुलाकात की। अमेरिका में पाकिस्तान के मानद वाणिज्य दूत अदनान असद द्वारा आयोजित एक डिनर में उन्होंने भारत-विरोधी बयानों की झड़ी लगा दी।

Exit mobile version