स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज 20 जून से शुरू हो रही है, और इस बार भारतीय टीम की अगुवाई कर रहे हैं युवा बल्लेबाज शुभमन गिल। यह पहली बार होगा जब वह एक टेस्ट टीम के नियमित कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगे। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती है इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज जीतना, जो पिछले 18 सालों में कोई भारतीय कप्तान नहीं कर पाया। चाहे वो महेंद्र सिंह धोनी हों या विराट कोहली – इंग्लैंड में टेस्ट जीत का सपना अधूरा ही रह गया। शुभमन के पास अब वह मौका है जिसे इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जा सकता है।
इंग्लैंड के लिए नहीं होगी आसान चुनौती
आपको बता दें कि इस बार जो भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर गई है, उसमें अनुभव और युवा जोश का अच्छा मिश्रण है। शुभमन गिल खुद शानदार फॉर्म में हैं, उनके साथ यशस्वी जयसवाल और केएल राहुल जैसे तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज हैं। टीम में ऋषभ पंत की वापसी भी एक बड़ा प्लस है, जो विकेट के पीछे के साथ-साथ बल्ले से भी योगदान देंगे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी बुमराह, सिराज और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों पर होगी। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि यह टीम किसी भी परिस्थिति में मुकाबला करने में सक्षम है और इंग्लैंड को हराना इतना आसान नहीं होगा।
कहां और कैसे देखें लाइव मैच
जो दर्शक यह सीरीज घर बैठे देखना चाहते हैं, उनके लिए कई विकल्प हैं। टीवी पर लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। वहीं मोबाइल या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर देखने के लिए जियोहॉटस्टार पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। लेकिन खास बात यह है कि डीडी स्पोर्ट्स पर आप इस सीरीज को फ्री में देख सकते हैं, इसके लिए किसी अतिरिक्त सब्सक्रिप्शन की जरूरत नहीं पड़ेगी।
टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल और समय
भारत और इंग्लैंड के बीच यह पांच मैचों की टेस्ट सीरीज है, जिसका पहला मुकाबला 20 जून से हेडिंग्ले (लीड्स) में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 2 से 6 जुलाई तक एजबेस्टन में होगा, तीसरा 10 से 14 जुलाई तक लॉर्ड्स में, चौथा 23 से 27 जुलाई तक ओल्ड ट्रैफर्ड में और आखिरी टेस्ट 31 जुलाई से 4 अगस्त तक द ओवल में खेला जाएगा। भारत में इन सभी मैचों की शुरुआत दोपहर 3:30 बजे होगी और टॉस 3 बजे होगा।
भारतीय टेस्ट टीम की झलक
शुभमन गिल के नेतृत्व में जो टीम इंग्लैंड गई है, उसमें कई नाम ऐसे हैं जो पहली बार इस तरह की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के पास है। बल्लेबाजी में जयसवाल, राहुल, करुण नायर, साई सुदर्शन और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। गेंदबाजी विभाग में बुमराह, सिराज, अर्शदीप और हर्षित राणा जैसे तेज गेंदबाज हैं, वहीं स्पिन में जडेजा और कुलदीप यादव टीम को संतुलन देंगे।
क्या शुभमन गिल बदल पाएंगे इतिहास?
अब सवाल यह है कि क्या शुभमन गिल अपनी पहली बड़ी कप्तानी में वह इतिहास रच पाएंगे जो अब तक अधूरा रहा है? इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज जीतना आसान नहीं होता, लेकिन यह भारतीय टीम हर लिहाज से तैयार दिख रही है। यदि टीम संयम, आत्मविश्वास और रणनीति के साथ खेले, तो निश्चित ही यह सीरीज भारत के टेस्ट इतिहास का एक सुनहरा अध्याय बन सकती है।

